सरकारी विद्यालयों में हर शनिवार को मनाए जाने वाले नो बैग डे अब मात्र औपचारिकता भर नहीं होगा। इसको लेकर बकायदा रिकॉर्ड संधारित होगा तो हर शिक्षक और विद्यार्थी की भागीदारिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, शनिवार के दिन आने वाले उत्सव, जयंती व समारोह आयोजन का हिस्सा बनेंगे। साथ ही हर माह संस्था प्रधान बैठक लेकर कार्य योजना तैयार करेंगे। नो बैग डे पर अब विशेष गतिविधियां शामिल होंगी। इनका आयोजन शिविरा पंचाग के अनुसार तय किया जाएगा। सप्ताह विशेष के उत्सव, जयंती व त्योहारों को शनिवार को नो बैग डे के कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। वहीं संस्था प्रधान माह के अंतिम सप्ताह में बैठक आयोजित करेंगे जिसमें नो बैग डे प्रभारी, थीम प्रभारियों व समूह प्रभारियों की नियुक्ति करेेंगे। वहीं रजिस्टर का संधारण होगा जिसमें हर गतिविधि, बैठक का उल्लेख होगा। प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को मासिक कार्ययोजना प्रपत्र अनुसार तैयार करनी होगी।