जीरे की फसल मुरझाई
पांच दिन पूर्व उपखंड क्षेत्र में मौसम परिवर्तन होने के साथ सोमवार व मंगलवार को बेमौसम बारिश हुई। इससे खेतों में जीरे की फसल मुरझाकर काली पड़ गई। फसल खराब होने से किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया। इसको लेकर पत्रिका टीम ने गुड़ामालानी के क्षेत्र के सिंधासवा हर्नियान, रतनपुरा, भाखरपुरा, बांटा, नगर, मौखावा आदि कई गावों में खेतों का जायजा लिया तो नेहड़ बेल्ट सहित पूरे क्षेत्र में बेमौसम से फसलों में खराबा नजर आया। किसान चिंतित नजर आए। सिंधासवा हरनियान के किसान भैराराम कलबी ने बताया कि इस बार जीरे की फसल अच्छी थी, लेकिन ज्यादा ओस एवं बरसात के कारण जीरा खराब हो गया है। अभी प्रशासन की राजस्व टीम ने नुकसान का जायजा नहीं लिया और ना ही सर्वे व गिरदावरी रिपोर्ट हो पाई है। रतनपुरा,के कई खेतो में तो खराबा 75 फीसदी से भी अधिक है। किसानों ने कर्ज लेकर व मेहनत लगाकर रुपए खर्च कर इसबगोल व जीरे की बंपर बुवाई की थी।