8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेलवे नहीं लगा रहा कुली, यात्रियों को उठाना पड़ता सामान

- रेलवे स्टेशन पर कुलियों का अभाव बना परेशानी

2 min read
Google source verification
बालोतरा रेलवे स्टेशन पर सामान लेकर रेलगाड़ी में बैठने की जद्दोजहद में लगे यात्री।

बालोतरा रेलवे स्टेशन पर सामान लेकर रेलगाड़ी में बैठने की जद्दोजहद में लगे यात्री।


बालोतरा.

रेलवे स्टेशन बालोतरा, जोधपुर-बाड़मेर रेल मार्ग के बड़े रेल स्टेशनों में से एक है। प्रतिदिन इस रेल स्टेशन से हजारों यात्री अन्य स्टेशनों के लिए यात्रा करते तो यात्रा कर घर लौटते हैं। सामान्य दिनों में भी प्लेटफार्म खचाखच भरा रहता है। इस पर रेलवे स्टेशन पर कुली के अभाव में यात्रियों की भीड़ को चीर प्लेटफार्म से रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचने में हर दिन यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई वर्षों से जरूरत के बावजूद रेलवे के कुली नहीं लगाने से यात्रियों में रोष है।
जोधपुर-बाड़मेर रेलमार्ग के बड़े रेल स्टेशन लूनी, समदड़ी के बाद बालोतरा प्रमुख रेल स्टेशन है। बालोतरा जिला का दूसरा बड़ा शहर है। वहीं रेलवे स्टेशन बालोतरा से आस पास के दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं। इस पर प्रतिदिन रेलवे स्टेशन बालोतरा से अन्य शहरों, कस्बों व गांवों के लिए हजारों जने यात्रा करते हैं। वहीं अन्य स्थानों से यात्रा कर बालोतरा लौटते हैं। इस पर रेलगाडिय़ों के पहुंचने से पूर्व ही रेलवे स्टेशन बालोतरा का प्लेटफार्म यात्रियों से खचाखच भरा दिखाई देता है। रेलवे स्टेशन बालोतरा से हर दिन हजारों यात्रियों के यात्रा करने तो यात्रा कर लौटने के बावजूद यहां कुली की कोई सुविधा नहीं है। इस पर सामान लेकर रेलवे स्टेशन के बाहर से प्लेटफार्म तक पहुंचने तो प्लेटफार्म से इसे लेकर रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचने में यात्रियों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। प्लेटफार्म पर रेलगाड़ी के ठहरते ही इससे उतरने तो इसमें सवार होने को लेकर यात्रियों में हौड़ सी मच जाती है। इस पर रेलगाड़ी का नाममात्र पांच मिनट का ठहराव कोढ़ में खाज साबित होता है। सामान सहित कोच में से उतरने तो चढऩे की आपाधापी में कई जने धड़ाम से नीचे गिर पड़ते हैं। इससे इन्हें चोटें आती है। विशेषकर महिला व बुर्जुग यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा सामान लेकर लंबे चौड़े प्लेटफार्म को पार कर रेलवे स्टेशन के टैक्सी स्टेण्ड तक पहुंचने में ही यात्रियों का दम फूल जाता है। सस्ते रेल किराए पर हर वर्ष व हर दिन रेलयात्रियों की बढ़ रही संख्या पर कई वर्षों से रेलवे स्टेशन बालोतरा पर कुली सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही है। इस सुविधा को उपलब्ध करवाकर हजारों यात्रियों को राहत पहुंचाई जा सकती है। परेशान व जागरूक यात्री कई बार रेलवे से सुविधा शुरू करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन रेल अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे यात्रियों में रोष है।

व्यू- रेलवे स्टेशन बालोतरा बड़ा रेल स्टेशन है। हर दिन हजारों यात्रा करते हैं। प्लेटफार्म हरदम यात्रियों से खचाखच भरा रहता है। सामान लेकर रेलगाड़ी में सवार होने में इन्हें अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। रेलवे यात्री हित में कुली सुविधा शुरू करें। - अनिल अग्रवाल
रेलवे स्टेशन बालोतरा में कुली सुविधा के अभाव में हर दिन सैकड़ों यात्री परेशानी उठाते हैं। विशेषकर महिलाओं व बुर्जुगों को सर्वाधिक दिक्कतें उठानी पड़ती है। कई जने तो सामान सहित नीचे गिर पड़ते हैं। रेलवे इस पर प्राथमिकता से कुली सुविधा शुरू करें। - भंवरलाल दवे

सस्ते रेल किराए व अच्छी सुविधा पर हर वर्ष, हर दिन यात्री भार बढ़ रहा है। रेलवे स्टेशन बालोतरा कुली सुविधा नहीं होना, गलत बात है। इसे उपलब्ध करवाने से यात्रियों को अच्छी सुविधा मिलेगी। बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। रेलवे सुविधा उपलब्ध करवाएं। - हंसमुख चौपड़ा