सिवाना. विधानसभा क्षेत्र सिवाना में दमकल का अभाव क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लिए परेशानी बना हुआ है। क्षेत्र में आग लगने की घटित घटना पर बालोतरा से दमकल बुलानी पड़ती है। जब तक दमकल पहुंचती है, तब तक सब कुछ जल कर राख हो जाता है। लोग कई बार सरकार, प्रशासन से दमकल सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक सिवाय आश्वासन के कुछ भी नहीं मिल पाया है।
समदड़ी, पादरू, मोकलसर, सिवाना कस्बों के साथ सैकड़ों गांवों को लम्बे समय से एक दमकल का इंतजार है। क्योंकि क्षेत्र में हर साल आग लगने की कई घटनाएं होती हैं। एेसी स्थिति में लोग सबसे पहले सिवाना उपखण्ड कार्यालय, पुलिस थाने आदि में फोन करते हैं तो वे यहां दमकल नहीं होने की जानकारी देते हुए बालोतरा से दमकल मंगवाते हैं। बालोतरा से घटना स्थल तक दमकल पहुंचने में इतना वक्त लग जाता है कि लोग समय पर राहत को तरस जाते हैं।