
Tax evasion game in vegetable mandi
बाड़मेर. स्थानीय कृषि उपज मण्डी स्थित सब्जी मंडी में मंडी प्रशासन की ओर से वसूले जाने वाले टैक्स में जमकर खेल खेला जा रहा है। मंडी में आने वाली सब्जी की रेट को कम बताकर टैक्स चोरी की जा रही है। मंडी के कुछ व्यापारी मंडी प्रशासन को खरीद- बेचान का ब्यौरा नियमानुसार नहीं देकर महज खानापूर्ति कर रहे हैं। होलसेल व्यापारी मनमर्जी की रेट से रिटेलर को सब्जी बेच रहे हैं। व्यापारी ने कितने में क्या बेचा, इसका विवरण भी मंडी प्रशासन नहीं लेता है। जो व्यापारी बताता है उसी के आधार पर मंडी प्रशासन रिकॉर्ड में इन्द्राज कर देता है। ऐसे में टैक्स चोरी बढ़ रही है। मंडी प्रशासन ऐसे व्यापारियों की जांच भी नहीं कर रहा है। व्यापारियों द्वारा मनमर्जी के रेट पर रिटेलर को सब्जियां बेचने का सिलसिला लगातार जारी है , इस तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है ।
यूं समझें टैक्स चोरी का खेल
सब्जी कारोबार करने वाले होलसेल व्यापारी के मंडी समिति प्रशासन को 1.50 रुपए प्रति सैकड़ा टैक्स जमा करवाने का प्रावधान है। व्यापारी सब्जी खरीद के समय रिकार्ड में हेरफेर करते हुए कम रेट दर्शाते हैं। जबकि वास्तविक खरीद की रेट काफी अधिक होती है। केवल मंडी टैक्स बचाने के लिए खरीद सस्ती बताते हैं। लेकिन रिटेलर को अधिक रेट में बेच रहे हैं। ऐसे में प्रतिदिन 50 प्रतिशत टैक्स चोरी हो रही है।
व्यापारियों पर मॉनिटिरिंग का अभाव
मंडी प्रशासन की ओर से व्यापारियों पर प्रभावी मॉनिटिरिंग नहीं की जा रही है। ऐसे में टैक्स चोरी बढ़ रही है। सब्जी मंडी में कहीं पर भी बोर्ड पर रेट अंकित नहीं हो रही है।
मनमाने रेट का खेल
सब्जी - मण्डी रिकॉर्ड में रेट - मंडी व्यापारी की रेट
टमाटर 20 40
प्याज 29 40
(प्रति किलोग्राम)
स्त्रोत: व्यापारी, कृषि उपज मण्डी प्रशासन
इसे दिखवाया जाएगा
विक्रय पर्ची अनुसार रेट भरी जाती है। अगर ऐसा हो रहा है, तो इसे दिखवाया जाएगा। मामले की जांच होगी।
- डॉ. झब्बरसिंह, सचिव, कृषि उपज मण्डी
Published on:
05 Dec 2017 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
