
बारिश से खिले धरतीपुत्रों के चेहरे, खेतों में आई रौनक
-
-
बालोतरा.
शहर व क्षेत्र में शनिवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ जो रविवार तक रुक-रुक कर चलता रहा। कहीं अच्छी तो कहीं मध्यम बारिश होने से किसानों व आमजन के चेहरे खुशी से खिल उठे।
शनिवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार सुबह ग्यारह बजे तक चला। इस दौरान कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हुई। कल्याणपुर, समदड़ी में हल्की तो सिवाना में अच्छी वर्षा हुई। सिवाना में सुबह 9 बजे से एक घंटे तक बारिा हुई। इससे परनाले बहे। लोगोंं ने बरसात में नहाने का जमकर आनंद उठाया। बारिा के बाद जगह-जगह पानी का भराव होने पर राहगीरों, वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर बाद बारिश थमने पर लोग घरों से बाहर निकले। मायलावास. क्षेत्र के मोकलसर, मोतीसरा, डाबली, लूदराडा समेत कई गांवों में शनिवार देर रात व रविवार को बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद पहाड़ों से झरने बहने लगे। सड़कों व खेतों में पानी भर गया। बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने से एकबारगी लोगों ने गर्मी राहत महसूस की। सप्ताह पूर्व हुई बरसात के बाद कई किसानों ने बुवाई की थी। बारिश के बाद रविवार को लोग पहाड़ों पर पिकनिक मनाने पहुंचे। वहीं गुजरात में तेज बारिश के बाद पालनपुर-जोधपुर जाने वाली साधारण सवारी गाड़ी 4 घण्टे देरी से मोकलसर स्टेशन पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
कल्याणपुर पत्रिका. बरसात की दस्तक से किसानों के चेहरे खिल उठे। शनिवार रात्रि को रिमझिम बरसात हुई। रविवार सुबह सुर्योदय से ही बादल छाए और रिमझिम बरसात का दौर शुरू हुआ। करीबन तीन घण्टे तक रुक-रुक कर रिमझिम बरसात हुई। गली-मोहल्लों में बरसाती पानी का भराव हो गया। बरसात के साथ किसान बाजार में खाद-बीज खरीदने के लिए उमड़े।
सिवाना. कस्बे सहित आसपास के गांवो में रविवार सुबह से झमाझम बारिश का दौर शुरू होने से लम्बे समय से इंतजार कर रहे किसानों व आम लोगों के चेहरों पर खुशी छा गई। लोगों को पिछले दिनों से पड़ रही गर्मी से भी राहत मिली है। रविवार सुबह करीब 8.45 बजे झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगातार एक घण्टे तक जारी रहा। घरों के परनाले वेग के साथ बहने लगे। बच्चों-युवाओं ने छुट्टी के दिन बारिश की शुरुआत होने से नहाने का आनन्द लिया। निप्र.
समदड़ी. क्षेत्र के गांवों में शनिवार रात्रि और रविवार सुबह कहीं तेज तो कही हल्की बरसात होने से किसानों के चेहरे खिल गए। पिछले करीब एक पखवाड़े की तेज गर्मी और उमस के बाद शनिवार रात्रि को करीब दो बजे मेघ बरसे। करीब एक घण्टे तक रुक-रुक कर बरसात का दौर चला। रविवार सुबह फि र से आसमान में छाई काली घटाएं बरस़ी। दो घण्टे तक कहीं तेज तो कही हल्की बरसात का दौर चला। समदड़ी में 10 एमएम बरसात दर्ज की गई। बरसात से कस्बे की सड़को पर पानी बहने लगा। बच्चो सहित बड़ो ने भी बरसात में भीगने का आनन्द लिया। दोपहर बाद धूप निकल गई। समदड़ी सहित आस पास के दर्जनों गांवो में बरसात होने से एक और गर्मी से राहत मिली तो किसानों के चेहरे खिल उठे। बरसात के साथ ही गांवो में विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। जो रविवार को दोपहर बाद बहाल हुई। निसं.
Published on:
15 Jul 2018 11:04 pm
