बालोतरा.
शहर, क्षेत्र में बुधवार को शरद पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। श्रद्धालुओं ने इस दिन व्रत रखकर देवालयों में दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालु सूर्योदय से पूर्व जगकर मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे। खेड़ रणछोडऱाय, नाकोड़ा, माता राणी भटियाणी, ब्रह्मधाम तीर्थ आसोतरा, बाबा रामदेव मंदिर बिठूजाधाम में दर्शन के लिए बालोतरा व क्षेत्र के गांवों से श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए पैदल पहुंचे। मंगला आरती उतारी। खेड़ रणछोडऱाय तीर्थ में भगवान रणछोडऱाय प्रतिमा का अभिषेक पूजन कर शृंगार किया गया। जिले भर से बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने भगवान रणछोडऱाय, वीर हनुमान, सत्यनारायण, महालक्ष्मी, ब्रह्माजी, शिवजी व जोगमाया मंदिर में दर्शन-पूजन कर व प्रसाद चढ़ा परिवार में खुशहाली की कामना की। नाकोड़ा तीर्थ पर देश के कोने-कोने व जिले भर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मूलनायक भगवान पाश्र्वनाथ व अधिष्ठायक भैरव देव की पूजा-अर्चना कर व प्रसाद चढ़ा परिवार में खुशहाली की कामना की। दिन भर श्रद्धालुओं की आवाजाही से मेला सा माहौल रहा। माता राणी भटियाणी मंदिर जसोल में भी पूरे दिन दर्शन-पूजन के लिए कतारें लगी। ब्रह्मधाम तीर्थ आसोतरा में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इन्होंने ब्रह्माजी, शिवधुणा, रामेश्वर महादेव, भगवान सत्यारायण व बैकुण्ठ धाम के दर्शन कर खुशहाली की कामना की। बाबा रामदेव मंदिर बिठूजा में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। पचपदरा के भगवतीबाई आश्रम में भी क्षेत्र भर से बड़ी श्रद्धालु उमड़े।