दरअसल शशि शेखर मिश्रा ने सबसे पहले स्वयं के व्यय से अपना ट्रांसफर सरगुजा मांगा था। इस पर 21 जुलाई 2016 को प्रदेश के उपसचिव रमेश शर्मा ने आदेश जारी करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया था। लेकिन इस बार उनके लिए कोई एवजीदार नहीं मिला नतीजतन उन्हें रिलीव नहीं किया गया। इसके बाद 14 अगस्त 2017 को जब वे दरभा में नायब तहसीलदार के पद पर थे, उस वक्त अवर सचिव ने उनका प्रशासनिक ट्रांसफर सरगुजा कर दिया था। इस बार भी उन्हें जिला प्रशासन ने रिलीव नहीं किया। 23 मार्च 2018 को एक बार फिर आदेश जारी किया गया लेकिन हर बार की तरह वे रिलीव नहीं हुए। हालांकि आदेश में एवजीदार नहीं होने की उपस्थिति में रिलीविंग नहीं करने की बात कही है। फिर भी दो साल बाद भी एवजीदार की नियुक्ति नहीं करना और दरभा से लोहांडीगुड़ा ट्रांसफर कर देना शासन व प्रशासन के ढुलमुल रवैये को दर्शाता है।