फाइनल मैच में महिलाओं ने भी गड़ाई रखी आंखें, अंतिम क्षण में यंग स्टार ने किया जीत पर कब्जा
जगदलपुर . डीएफए ट्राफी के लिए रोमांच से भरे फाइनल मैच के अंतिम क्षणों में यंग स्टार की टीम ने फुटबॉल अकादमी से जीत छीन ली। सिकंदर के दागे गोल से यंग स्टार जीत का सिकंदर बना। जिला फुटबॉल संघ की ओर से डीएफए ट्रॉफी का फाइनल मैच और समापन समारोह शनिवार को सिटी ग्राउंड में हुआ। फाइनल मैच में यंग स्टार ने 5-3 से जीत दर्ज कर 40 हजार रुपए इनाम और ट्रॉफी पर कब्जा किया। उपविजेता फुटबॉल अकादमी को ट्रॉफी और 25 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सिकंदर नाग रहे।
कई मौकों में गोल करने से चूक गई
फाइनल मैच में दोनों टीमों ने उम्मीद से बढ़कर अच्छा खेल दिखाया। फुटबॉल अकादमी के गौरव ने 21 वें मिनट में गोल कर मैच में बढ़त बना ली। फुटबॉल अकादमी की टीम ने एक गोल होने के बाद डिफेंस में ज्यादा खेल दिखाया और कई मौकों में गोल करने से चूक गई। इस तरह हॉफ टाइम तक फुटबॉल अकादमी 1-0 से आगे रही।
टाइब्रेकर के लिए विजेता का फैसला
मैच समाप्त में मात्र एक मिनट बचा था और यंग स्टार के सिकंदर ने मौके का फायदा उठाते हुए बेहतरीन गोल किया। मैच बराबर होने से टाइब्रेकर के लिए विजेता का फैसला किया गया। इसमें यंग स्टार में चार और फुटबॉल अकादमी ने 2 गोल किए। यंग स्टार की ओर से गोल करने वालों में राजेश नाग, आकाश नाग, राम नाग, सिकंदर नाग शामिल हैं। फुटबॉल अकादमी के अमित नाग, राजा ने गोल किया। समापन अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लच्छुराम कश्यप, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष दीप्ति पांडे, संजय पांडे, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा, फिरोज खान, अरविंद लाल आदि उपस्थित थे।
ये रेफरी सम्मानित
रेफरी विश्वजीत भट्टाचार्य, अलिशा कश्यप, अमिशा कोर्रामी, विजय बोरकर, प्रदीप भारती, दिलीप दास, यशवर्धन राव, राहुल, उमा शंकर दीपक को सम्मानित किया गया। महिलाओं ने भी देखा - फाइनल मैच का रोमांच शहर की महिलाओं ने भी देखा। बड़ी संख्या में महिलाएं भी फाइनल मैच देखने के लिए आई हुई थी। शनिवार को मैच में गैलरियां दर्शकों से भरी हुई थी।