
बस्ती. उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। भारी सुरक्षा को भेदकर एक युवक रिवॉल्वर लेकर सीएम के कार्यक्रम स्थल के अंदर पहुंच गया। जैसे ही एक पुलिसकर्मी की नजर उस पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। घटना की जनकारी मिलते ही एसपी आशीष श्रीवास्तव ने सात पुलिसकर्मियों पर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबन की कार्रवाई की है। बीते 19 अक्टूबर को संचारी और दस्तक अभियान के तीसरे पखवाड़े का शुभारम्भ करने सीएम योगी बस्ती पहुंचे थे।
लापरवाही के आरोप में चार पुलिसकर्मी निलंबित
बस्ती में बीते 19 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में बड़ी चूक के मामले में चार पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। वहीं गैर जनपदों से सीएम की सुरक्षा के लिए आए तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है।
हथियार देख मचा हड़कंप
बता दें कि सीएम योगी के आने से करीब 40 मिनट पहले बीजेपी नेता और गौर ब्लॉक के प्रमुख जटा शंकर शुक्ला के एक रिश्तेदार लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर कार्यक्रम में पहुंच गए। जब एक पुलिसकर्मी की उस पर निगाह पड़ी तो हड़कंप मच गया। लाइसेंसी रिवॉल्वर लगाए युवक को सभा से बाहर किया गया।
सुरक्षा को भेद दाखिल हुआ अंदर
सीएम के सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात थी, मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए थे। इतनी सुरक्षा के बावजूद एक शख्स रिवॉल्वर लेकर सभा में पहुंच गया। दो सुरक्षा घेरे को तोड़कर लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मुख्यमंत्री के कर्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के आने के पहले घंटों युवक बैठा रहा। किसी पुलिस वालों को भनक नहीं लगी। जब मुख्यमंत्री के आने से पहले एसपीजी सुरक्षा के एक गार्ड ने युवक की एक्टिविटी को देखकर तलाशी ली, तो रिवॉल्वर बरामद होने पर कार्यक्रम स्थल से पुलिस उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और बाहर ले जाकर छोड़ दिया।
बीजेपी नेता का करीबी है युवक
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक बीजेपी नेता व ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुल्क का रिश्तेदार है। बीजेपी के एक बड़े नेता के करीबी होने की वजह से अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि लाइसेंस देते समय लाइसेंस धारक को असलहे के रख रखाव के संबंध में सीओ स्तर के अधिकारी एक दिवसीय ट्रेनिंग देकर ट्रेंड करते हैं। उन्हें यह बताया जाता है धार्मिक स्थल, वीवीआईपी मूमेंट, न्यायालय व सरकारी दफ्तर में बिना परमिशन के असलहा ले जाना प्रतिबंधित रहता है।
दोषियों को कर दिया गया निलंबित
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मुख्यमंत्री के आने के 40 मिनट पहले पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया था। सीएम सुरक्षा में हुई लापरवाही मामले में 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिसमे सब इंस्पेक्टर विंध्याचल, एसआई हरिराय, दो सिपाही शिव धनी और राम प्रकाश शामिल हैं। वहीं तीन पुकिसकर्मी गैर जनपद से ड्यूटी पर आए थे। जिसमें एसआई रमाशंकर, वरुण यादव, अवधेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित जिलों के एसपी को पत्र लिखा गया है।
यह भी पढ़ें : कहीं निर्दोष की गई जान, तो कहीं बदनाम हुआ पुलिस महकमा
Updated on:
22 Oct 2021, 11:05 AM IST
Published on:
22 Oct 2021, 10:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.