नहीं मिला रहा मीठा पानी, सफाई भी नहीं हो रही
वार्ड 13 सिंघौरी में कांग्रेस के महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मुख्य अतिथि संयुक्त प्रदेश महामंत्री आशीष छाबड़ा थे। विशेष अतिथि ब्लॉक अध्यक्ष लुकेश वर्मा, रोशन दत्ता, शहर कांग्रेस कमेटी की महामंत्री आराधना पांडे थीं। आशीष छाबड़ा ने कहा कि वार्ड के लोगों को मीठे पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। पीने के लिए मीठा पानी नहीं मिल रहा है। नाली की सफाई नहीं हो रही है। पेंशन नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे हैं। इस बैठक का उद्देश्य एक-दूसरे के सुख-दुख पर चर्चा करनी है। आज कोई राजनीतिक चर्चा की बात नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 9 माह से निराश्रितों को पेशन नहीं मिली है। बड़े दुर्भाग्य की बात है कि भाजपा सरकार पेंशन भी नहीं दे पा रही है। जब मैं नगर पालिका अध्यक्ष था, हमारा पूरा प्रयास था कि निराश्रितों को प्रति माह पेंशन मिल जाए। अभी इन सभी मुद्दों को लेकर जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान धरम वर्मा, जेठू यादव, भुखन यादव, कांशी वर्मा, छम्मन वर्मा, जितेंद्र वर्मा आदि मौजूद थे।