
मालवाहक वाहन ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक को ठोका, एक की मौत, तीन घायल, ईएमटी की सूझबूझ से बची जिंदगी
बेमेतरा. जिले के बेरला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले तिरैय्या पेट्रोल पंप के पास नींद की झपकी आने पर एक छोटी मालवाहक गाड़ी ने पेट्रोल पंप के किनारे खड़ी ट्रक को ठोकर मार दी। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए और एक की मौत हुई। घटना 13 जुलाई की रात की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। 108 संजीवनी एक्सप्रेस की तत्परता और त्वरित मदद से केबिन में बुरी तरह से फंसे गंभीर रूप से घायल ईश्वर यादव को बचाया जा सका।
झपकी आने से हुआ हादसा
खैरागढ़ निवासी ईश्वर यादव, यादव पटेल और उनके दो सहकर्मी छोटा हाथी में माल छोड़कर शिवरीनारायण से वापस खैरागढ़ रवाना हो रहे थे। इसी दौरान तिरैय्या पेट्रोल पंप के पास गाड़ी चला रहे पूनम चंद को नींद की झपकी आ गई और उनकी गाड़ी सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर से छोटा हाथी में सवार ईश्वर और यादव पटेल ड्राइवर केबिन में ही फंस गए। राहगीरों ने इसकी सूचना 108 को दी। सूचना मिलते ही ईएमटी धर्मेंद्र कुमार और पायलट प्रेम दास तुरन्त घटना स्थल पहुंचे।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बचाई एक घायल की जान
108 की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए केबिन के अंदर फंसे ईश्वर और यादव पटेल को बाहर निकालने के लिए मार्ग से गुजर रहे ट्रक को रुकवाया और रस्सी के सहारे ट्रक के चिपके छोटा हाथी के सामने हिस्से को बाहर निकलवाया। हादसे में ईश्वर को गले और पैर वहीं यादव पटेल को लेफ्ट हैंड में गंभीर चोट आई थी। इसके पश्चात ईआरसीपी की मदद लेते हुए डॉक्टर की सलाहनुसार प्री हॉस्पिटल केयर करते हुए दोनों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर सीएचसी सिमगा लेकर आए। यहां के डॉक्टरों ने रायपुर मेकाहारा शिफ्ट कर दिया। यादव पटेल को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। वहीं ईएमटी औऱ पायलट की तत्परता और त्वरित मदद से ईश्वर यादव की जान बचाई जा सकी।
Published on:
14 Jul 2021, 5:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.