26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मदद के लिए शोर मचाते रह गया बेबस पिता, थम गई 10 साल के मासूम की सांसे

घटना के वक्त अहमद अपने पिता अब्बू बकर के साथ पहले से गिरे मलबे को उठाने का काम कर रहा था, तभी दूसरी दीवार उसके ऊपर गिर गई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बेमेतरा

•

image

Dakshi Sahu

•

Updated: 22 Jul 2018, 3:52 PM IST

ptarika

मदद के लिए शोर मचाते रह गया बेबस पिता, थम गई 10 साल के मासूम की सांसे

बेमेतरा. वार्ड 19 में जर्जर मकान की दीवार गिरने से 10 वर्षीय अहमद शेखानी दब गया और उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त अहमद अपने पिता अब्बू बकर के साथ पहले से गिरे मलबे को उठाने का काम कर रहा था, तभी दूसरी दीवार उसके ऊपर गिर गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। शव का पोस्ट मार्टम कर परिजन को सौंप दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह 9 बजे वार्ड 19 के सिद्दिक शेखानी के कच्चे मकान का मलबा गिर गया था। अब्बू बकर (30) और उसका बेटा अहमद (10) उस मलबा को हटाने में जुटे थे। तभी अचानक दूसरी दीवार का बड़ा हिस्सा भरभरा कर अहमद के ऊपर गिर गया।

बेटे के मलबे में दबने पर पिता ने शोर मचा कर लोगों से मदद मांगी। इसके बाद उसे लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद बाइक से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।

बाइक से पहुंचाया अस्पताल
अहमद के पिता अब्बू बकर ने बताया कि संजीवनी वाहन को फोन कर बुलाने का प्रयास किया। 108 नहीं मिलने की स्थिति में अहमद को गंभीर हालत में दोपहिया वाहन से ही निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से मोटर साइकिल में ही जिला अस्पताल पहुंचे थे। अब्बू बकर कबाड़ी का काम करता है, जो पुराने सामान खरीद और बेच कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है।

ताशा बजाने में माहिर था अहमद
लोगों ने बताया कि अहमद ने अपने छोटे- छोटे दोस्तों को साथ मिलकर धुमाल दल बना रखा था। जो समय-समय पर एक साथ मिलकर बाजा बजाया करते थे। पूरी टीम में अहमद ताशा बजाया करता था, जिसे सुनने के लिए बड़े-बड़े आतुर रहते थे। अहमद शहर के दिवंगत फनकर सिद्दिक शेखानी का पेाता था। जिसे ताशा बजाते सुनने व देखने वाले उनके दादा की याद करते हैं।

शहर के कई स्थानों पर हादसे का डर
विभागीय जानकारी के अनुसार नगर पालिका मेें सभी 21 वार्डों में 50 किलोमीटर नाली का निर्माण किया गया है। 50 किलोमीटर नाली में 42 किलोमीटर में पक्की नाली है। शेष 8 किलोमीटर पर कच्ची नाली है। जिसके कारण कच्चे नाले से प्रभावित वार्डों में खतरा बना रहता है। पूर्व में निकासी नहीं से मोहभट्ठा वार्ड मेे 3 मकान गिरे थे। जिसमें जान माल का नुकसान नहीं हुआ था पर आज निकासी की समस्या के चलते एक बालक हादसे का शिकार हो गया।

दीवार गिरने से असमय मौत का शिकार हुए 10 वर्षीय अहमद के प्रकरण को राजस्व विभाग ने आपदा का प्रकरण नहीं माना है। तहसीलदार प्रवीण तिवारी ने बताया कि दिवार गिरना प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में नहीं आता है, इसलिए मुआवजा का प्रकरण नहीं बनाया गया है।

नालियों से कब्जा हटाने नोटिस देंगे
मोहेंद्र साहू सीएमओ बेमेतरा ने बताया कि जिन दुकानदारों ने निकासी के लिए बने चैंबर पर कब्जा कर लिया है उन्हें कब्जा हटाने के लिए नोटिस दिया जाएगा। नहीं हटाने पर तोड़ा जाएगा। इसके लिए स्वच्छता निरीक्षक को निर्देश दिया गया है।