
मध्य प्रदेश में बिरसा मुंडा की प्रतिमा को तोड़ा, भाजपा कांग्रेस में गर्माई राजनीति, VIDEO
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी समुदाय के गौरव बिरसा मुंडा की प्रतिमा तोड़ने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति को कई जगहों से हमला कर क्षतिग्रस्त किया है। मामले को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। इस मामले पर जहां एक तरफ कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की है और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इसे चुनावी साल में विवाद और टेंशन फैलाने के लिए भाजपा की रणनीति बताया है तो वहीं, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के मामले में भीमसेना और जयस सरकार के खिलाफ विरोध में उतर आए हैं। दोनों ही दलों ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने की मांग की थी, जिसके चलते दोनों ही दलों के करीब 20 कार्यकर्ताओं को सोमवार की दोपहर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले को लेकर कांग्रेस विधायक निलय डागा ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि, मेरे विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोनाघाटी, बैतूल में आदिवासी समाज के गौरव शहीद बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ा गया है। मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं। शासन प्रशासन से निवेदन है कि, आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करें।
कमलनाथ ने बताया- बीजेपी की रणनीति
वहीं, इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। कमलनाथ ने कहा कि, बैतूल में कल भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति तोड़ने की घटना सामने आई है। चुनाव में मात्र 6 महीने बचे हैं, इसलिए इस प्रकार की प्रायोजित घटनाएं होना शुरू हो गई हैं। चाहे रामनवमी का जुलूस हो या इस प्रकार की कोई और अन्य घटना हो, समाज में विवाद और तनाव की स्थिति बनाए रखने के लिए ये बीजेपी की रणनीति है।
भीमसेना और जयस ने की सीएम से मिलने की मांग- पुलिस ने किया गिरफ्तार
इसके अलावा बिरसा मुंडा भगवान की प्रतिमा खंडित करने को लेकर भीमसेना और जयस के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ये दोनों संगठन मुख्यमंत्री के विरोध की योजना बना रहे थे। जयस जिलाध्यक्ष संदीप धुर्वे ,भीमसेना जिलाध्यक्ष सोनू मासोदकर समेत दोनों दलों के करीब 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि, विरोध कर रहे सभी कार्यकर्ता सीएम शिवराज को काले झंडे दिखाने वाले थे। सोमवार की दोपहर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बैतूल पहुंचने वाले हैं। इसे पहले ही पुलिस ने इटारसी से इन सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए सभी कार्यकर्ताओं को कोतवाली थाने लाया गया है। हालांकि, जानकारी ये भी सामने आई है कि, किसी मानसिक रोगी ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त की थी। हालांकि, ये जांच का विषय है।
Published on:
03 Apr 2023 02:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
