
भदोही. संजय लीला भंसाली की बहु प्रतीक्षित और विवादों में फंस चुकी फिल्म ‘पद्मावत’ के खिलाफ यूपी में भी विरोध के स्वर देखने को मिल रहे हैं। करणी सेना के बाद अब अखिल क्षत्रिय समाज भी इसके विरोध में उतर आया है। समाज ने मांग की है कि इस फिल्म को न रिलीज करते हुए इस पर बैन लगाया जाय। भदोही में समाज के बैनर तले क्षत्रिय समाज के लोगों ने ‘पद्मावत’ के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की। विरोध करने वालों ने फिल्म को पूरी तरह से बैन करने की मांग की हैl कुल मिलाकर संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर निर्माताओं को सुप्रीम कोर्ट से भले ही राहत मिल गयी हो, लेकिन जिस तरह से सड़क पर विरोध का सिलसिला थमने के बजाय बढ़ता जा रहा है, फिल्म रिलीज में हंगामे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि प्रशासन कैसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए फिल्म को पूरी शांति से रिलीज करा पाता है।
by Mahesh Jaiswal