
Road Accident
भदोही. भदोही कोतवाली के मोढ़ चौकी अंतर्गत मेला के बारी के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया था। लेकिन इस मामले में पुलिस ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेते हुए वाहन संख्या के आधार अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सरपतहा की तरफ से एक तेज रफ्तार पिकअप मोढ़ की तरफ आ रही थी इस दौरान मेला के बारी के पास पिकअप ने सिंटू बनवासी (12) को जोरदार टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम समाप्त कराया। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी चालक और वाहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं इस मामले में सूत्रों द्वारा बताया जा रहा है कि वाहन एक राजनीतिक व्यक्ति के परिवार से सम्बन्धित था इसके कारण मामले में मृतक के परिवार और वाहन स्वामी के बीच आर्थिक मदद देकर समझौता कराने की कोशिश किया जिसके बाद पुलिस ने मामले में ढीला रूख दिखाते हुए वाहन संख्या के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि इस मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करने का दावा किया गया है।
By- Mahesh jaiswal
Updated on:
07 Mar 2018 08:04 am
Published on:
07 Mar 2018 08:04 am
