
कस्बे के एक निजी कॉलेज में परीक्षा देने आ रहे प्राइवेट परीक्षार्थियों से कॉलेज विकास शुल्क के नाम पर दो-दो सौ रुपए वसूलने की शिकायत हुई है। इस मामले में स्थानीय प्रशासन ने जांच करने के आदेश दे दिए हैं।
कस्बे के महाराजा अग्रसेन कॉलेज में ऐसे परीक्षार्थियों को गेट पर रोककर पहले दो सौ रुपए की रसीद काटी जा रही है। इसकी पूर्व में कई बार शिकायत हुई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। महाराजा सूरजमल ब्रज विश्वविद्यालय परीक्षा फार्म जमा कराते समय पहले ही दो सौ रुपए शुल्क परीक्षार्थियों से ले चुका है। शनिवार को आए परीक्षार्थी सुहैब हुसैन का इस कॉलेज में बीए पार्ट प्रथम में लोक प्रशासन का पेपर था।
परीक्षार्थी को मुख्य द्वार पर ही रोक दिया और उससे दो सौ रुपए मांगे। उसने पैसे देने से इनकार कर दिया तो उसे परीक्षा नहीं देने एवं कॉलेज से निकालने की चेतावनी दी। उसने विश्वविद्यालय में बात की तो उसे कॉलेज से दो सौ रुपए की रसीद लेने की बात कही। इस पर कॉलेज ने स्वयं की रसीद परीक्षार्थी को दिखा दी।
पैसे दे तो मुहर, नहीं दे तो गोला
परीक्षार्थी सुहैब ने बताया कि कॉलेज प्रशासन जिस परीक्षार्थी से पैसे मिल जाते हैं, उसके प्रवेश पत्र पर मुहर लगा देता है और जिससे पैसे नहीं मिलते हैं, उसके प्रवेश पत्र पर पेन से गोला बना देता है ताकि अगले पेपर में उससे राशि ली जा सके। पीडि़त छात्र सुहैब हुसैन ने बताया कि कॉलेज प्रशासन विकास शुल्क के नाम पर पैसे लेता है और न देने पर धमकियां देता है।
इसकी शिकायत उपखण्ड अधिकारी को बताई तो उन्होंने किसी को भेजने की कहकर फोन काट दिया। लेकिन कोई नहीं आया। प्रशासन मिलीभगत कर रहा है। उधर, एसडीएम चिम्मनलाल मीना ने बताया कि जांच के लिए बीईईओ को निर्देश दे दिए हैं। जांच में दोषी पाए जाने पर कॉलेज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
28 May 2017 11:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
