भरतपुर . शहर में मनमर्जी की नींव पर मनमाफिक इमारतें खड़ी हो रहीं हैं। आशियानों को आलीशान बनाने की चाह में तमाम कायदों को किनारे किया जा रहा है। शहर के सर्राफा बाजार में तिमंजिला इमारत का मामला अभी सुर्खियों में ही है। इस बीच नगर निगम की नजर एक और चार मंजिला इमारत पर जा टिकी है, जो मनमर्जी की नींव पर खड़ी हो रही है। निगम ने निर्माणकर्ता को नोटिस दिया है। यदि यहां कायदों की पालना नहीं की गई तो कार्रवाई की जाएगी।
शहर में सरकूलर रोड पर नीम दरवाजे के समीप एक चार मंजिला इमारत का निर्माण हो रहा है। यह इमारत महेन्द्र एवं महेश पुत्र दाऊदयाल गोयल की बताई गई है। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि न तो इस इमारत निर्माण के लिए किसी प्रकार की मंजूरी ली गई है और न ही इसे कन्वर्ट कराया गया है। ऐसे में यह तमाम कायदों को ताक पर रखकर बनाई जा रही है। बिना मंजूरी निर्माण कार्य का मामला गर्माने के बाद अब नगर निगम प्रशासन ने निर्माणकर्ता को नोटिस दे दिया है। साथ ही फोटोग्राफी भी की गई है। खास बात यह है कि निगम का नोटिस पहुंचने के बाद भी इस बिल्डिंग का काम थमा नहीं है।
नहीं कराया भूमि परिवर्तन
नियमानुसार यदि कोई व्यावसायिक भवन बनाया जाता है तो उसकी मंजूरी और लैंड यूज परिवर्तन कराना पड़ता है। ऐसा नहीं होने पर सरकार को राजस्व की हानि होती है। इसके लिए नगर निगम को सरकारी रेट के हिसाब से 40 प्रतिशत टैक्स के रूप में जमा कराना होता है। इसके अलावा यदि इमारत की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक जाती है तो इंजीनियर से इसकी रिपोर्ट लेनी होती है, लेकिन नीम का दरवाजा के पास बन रही बिल्डिंग में ऐसे नियमों की पालना नहीं होना बताया जा रहा है।