
पुलिस को नहीं व्यापारियों की परवाह, विरोध में किया प्रदर्शन
भरतपुर. पिछले करीब एक माह से व्यापारियों की ओर से पुलिस के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है। इसके बाद अभी तक कोई परिणाम नहीं निकल सका है। जिला व्यापार महासंघ संघर्ष समिति की ओर से आंदोलन के तहत शनिवार को चौबुर्जा चौराहे पर पुलिस का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में चौबुर्जा स्थित ढाबा मालिक को कोतवाली थाने के हवालात में अद्र्धनग्न अवस्था में बंद करने, उद्योगनगर थाने में सिमको नेताओं के साथ अभद्रता करने व रेहान शर्मा अपहरण केस में पुलिस के कोई कार्रवाई नहीं होने पर रोष व्यक्त किया गया।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला महामंत्री नरेंद्र गोयल, संघर्ष समिति संयोजक भगवानदास बंसल, समाजसेवी गिरधारी तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारे भी लगाए। जिला अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि व्यापारियेां को आन्दोलन शुरू किए कई दिन बीत गए हैं लेकिन प्रशासन व पुलिस के सिर पर जूं तक नहीं रेंग रही है। गिरधारी तिवारी ने कहा कि भरतपुर में पुलिस व प्रशासन ने जो अनैतिक व्यवहार आमजन के साथ किया है वह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सिमको संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ जो पुलिस ने दुव्यर्वहार किया था उनके दोषियों को तुरन्त सजा मिलनी चाहिए। जिला महामंत्री नरेन्द्र गोयल ने कहा कि अब भी प्रशासन अगर नहीं जागा तो आन्दोलन को और ज्यादा प्रखर किया जाएगा। संघर्ष समिति संयोजक भगवानदास बंसल ने बताया कि अब जिस दिन भी भरतपुर के विधायक व मंत्री भरतपुर आएंगे तो संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधि मण्डल उनसे मिलेगा व भरतपुर व प्रशासन व पुलिस की ओर से जो अनैतिक व्यवहार आमजन के साथ किया जा रहा है, उसको लेकर ज्ञापन देकर अवगत कराया जाएगा। शीघ्र ही पुलिस पर अंकुश लगाने व उच्चाधिकारियों को अपने व्यवहार में सुधार लाने का निर्देश देने का निवेदन करेगा। साथ ही ढाबा मालिक के साथ दुव्यर्वहार के दोषियों को दंड दिलाने, बासन गेट मंदिर के बराबर से शराब के ठेकों को अन्य स्थान पर स्थानान्तरित करवाने व सिमको में व्यापार महासंघ व सिमको संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ पुलिस के दुव्र्यवहार करने वाले दोषियों को सजा दिलाने और कुम्हेर गेट से लापता बालक का शीघ्र पता करने आदि मामलों में जांच कर शीघ्र ही दोषियों को दंडित करने की मांग की जाएगी।
इस अवसर पर मोहनलाल मित्तल, बंटू भाई, विपुल शर्मा, अशोक शर्मा, संजय खंडेलवाल, नरेन्द्र सिंघल, गजेन्द्र कुमार, सुमित अरोरा, कालू गुप्ता, राजेश गुप्ता, नत्थी सिंह, जगदीश हीरादास, चतर सिंह सैनी पार्षद, किशोर सिंह पार्षद, पंकज गोयल पार्षद, मुकेश पप्पू पार्षद, भास्कर शर्मा पार्षद, कमल, राजीव, विनोद ववुआ आदि थे।
Published on:
20 Sep 2020, 2:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.