भरतपुर. महंगे मोबाइल को सस्ते में देने का झांसा देकर अज्ञात ठगों ने बयाना कस्बे के नगला स्टोर निवासी एक युवक के साथ ठगी कर ली। मामले में रोचक यह है कि जब पोस्टमैन ऑफर के पार्सल को युवक के पास उसके घर लेकर पहुंचा तो युवक ने पोस्टमैन के चेतावनी देने के बावजूद पार्सल को खोल दिया। पार्सल के अंदर मोबाइल फोन की जगह घटिया क्वालिटी के पर्स, बेल्ट व एटीएम कवर के सैट को देखकर युवक का माथा ठनक गया। पोस्टमैन के पार्सल के 48 सौ रुपए मांगने पर युवक भड़क गया और पोस्टमैन के साथ गाली-गलौज करते हुए दुव्र्यवहार कर रुपए देने से इनकार कर दिया। इस पर पोस्टमैन ने थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ लिखित तहरीर दी। हालांकि बाद में युवक थाने पहुंच गया और पोस्टमैन से माफी मांग कर रिपोर्ट नहीं कराने का अनुरोध करते हुए पार्सल के 48 सौ रुपए जमा करा दिए। इस पर पोस्टमैन अपनी रिपोर्ट वापस ले ली।