भरतपुर. कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव बावैन में गुरुवार रात शादी समारोह में एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साएं मृतक के परिजन व अन्य लोगों ने हमलावर को घेर लिया और उसकी लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे कुम्हेर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे कुम्हेर अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना पर कुम्हेर समेत आसपास के थानों की पुलिस और सहायक पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। गांव में ऐतियातन के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बावैन निवासी बिजेन्द्र ठाकुर (48) पुत्र रामभरोसी का पुत्र शाम के समय तेज बाइक चला रहा था। यहां मौजूद दूसरे पक्ष मृतक सुरेश (30) पुत्र खैम सिंह लोधा निवासी बावैन ने उसे टोका और थप्पड़ दिया। बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे सुनील ने पिता बिजेन्द्र को जानकारी दी। जिस पर बिजेन्द्र कुछ लोगों के साथ सुरेश की भतीजी के शादी समारोह में पहुंच गया। आरोप है कि यहां हुई फायरिंग में सुरेश के दो गोली जा लगी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना से गुस्साएं सुरेश के परिजनों ने बिजेन्द्र को पकड़ कर उसकी लाठी-डंडे व पत्थर मार कर घायल कर दिया। परिजन उसे अस्तपाल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, मारपीट की घटना में मृतक बिजेन्द्र की मां कैलादेवी का पैर कट कर अलग हो गया। जिसे भी भर्ती कराया है।