
KPS bhilai
भिलाई . कृष्णा पब्लिक स्कूल नेहरू नगर में बुद्धि, भाषा व कौशल के समागम का उत्सव पेनोरेमिक स्पेक्ट्रम का शानदार आगाज सोमवार को हुआ। इस उत्सव में स्कूल परिसर में ही पांच स्थानों पर एक ही समय में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार तीन दिनों तक होगा। पहले दिन अलग-अलग कक्षाओं के लिए विविध अंतर्शालेय प्रतियोगिता हुई। इसमें दुर्ग, भिलाई, रायपुर, राजनांदगांव और बिलासपुर के पार्टिसिपेंट हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं के तहत अंग्रेजी, काव्य पाठ प्रतियोगिता थी जिसे दो समूहों में आयोजित किया गया। इनके क्विज कॉम्पीटिशन, पोस्टर मेकिंग, पीपीटी प्रेजेंटेशन, और विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता भी कराई गई। कक्षा पहली व दूसरी के विद्यार्थियों ने जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी कविताओं का सस्वर उच्चारण कर सभी दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया।
साइंस मॉडल में दिखी क्रिएटिव सोच
विज्ञान मॉडल दो श्रेणियों में विभाजित था जिसमें श्रेणी ए में 9वीं, 10वीं के विद्यार्थी व श्रेणी बी में 11वीं, 12वीं के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। निर्णायकों के द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सभी बच्चे संतोषजनक उत्तर भी दे रहे थे। क्विज में माहौल बड़ा ही उत्साह व जोश से भरा दिखाई दे रहा था। विज्ञापन निर्माण में बच्चों ने अपनी अद्भुत कल्पनाशक्ति का प्रदर्शन कर अपनी योग्यताओं का परिचय दिया। आज की पीढ़ी कप्यूटर में कितनी तेजी से आगे बढ़ रही हैं यह बात साबित कर दी।
आज सुडोकू में लगाएंगे दिमाग
विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें विभिन्न स्थलों से आए प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में तर्क सहित अपने विचार प्रस्तुत किए। उनमें अपने विषय के प्रति जोश, उत्साह के साथ ही उनकी तार्किक क्षमता दिखाई। प्राचार्या सविता त्रिपाठी के मार्गदर्शन में इन सभी अंतर्शालेय प्रतियोगिताओं का आयोजन विभिन्न क्लबों और उनके प्रभारियों द्वारा किया जा रहा है। चेयरमैन एमएम त्रिपाठी, वाइस चेयरमैन आनंद त्रिपाठी और डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी द्वारा सभी निर्णायकों का सम्मान किया गया। अगले दो दिन स्पेल बी, हिंदी वाद विवाद, सुडोकू, पजल, हिन्दी कहानी लेखन, अंग्रेजी स्टोरी, हिन्दी कविता पाठ आदि प्रतियोगिताएं होंगी।
Updated on:
21 Aug 2018 05:34 pm
Published on:
21 Aug 2018 05:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
