
दाक्षी साहू@भिलाई. प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्वमंत्री छत्तीसगढ़ शासन हेमचंद यादव का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बुधवार रात १ बजे निधन हो गया। पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें डॉक्टरों ने वेंटीलेटर पर रखा था। निधन के समय छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय अस्पताल में ही मौजूद थे।
12 अप्रेल को होगा अंतिम संस्कार
भाजपा के कद्दावर नेता हेमचंद यादव के पार्थिव शरीर को आज शाम विशेष विमान से दिल्ली से रायपुर लाया जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दुर्ग स्थित उनके आवास लाया जाएगा। 12 अप्रेल को दोपहर 12 बजे बैगा पार स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा निकलेगी। अंतिम संस्कार किया जाएगा।
डेंगू की चपेट में आने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
एम्स के डॉक्टरों ने मंगलवार को बताया था कि रात में उपचार चल रहा है। वे अभी वेंटिलेटर पर हैं। चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई थी। करीब सालभर पहले डेंगू की चपेट में आने के बाद से पूर्व मंत्री हेमचंद यादव की तबीयत खराब चल रही थी। पहले उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में चलता रहा, ,लेकिन सेहत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें दिल्ली रेफर किया गया था।
प्रदेश के तीन मंत्री पहुंचे थे उनको देखने
दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने पहले बताया था कि हेमचंद की हालत में पहले से सुधार हुआ है, लेकिन अभी उन्हें वेंटिलेटर पर ही रखने का निर्णय लिया गया था। उनकी तबीयत का जायजा लेने प्रदेश के मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, बृजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर उनको देखने दिल्ली पहुंचे थे। बुधवार रात अचानक उनके निधन की खबर से प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया से लेकर अन्य माध्यमों में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
Published on:
11 Apr 2018 09:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
