आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता का मूड टटोलने के प्रयास में स्थानीय मतदाताओं से बातचीत में लगभग यही निचोड़ सामने आया। 60 वार्डों वाले दुर्ग शहर विधानसभा सीट की घनी आबादी वाले गयानगर के पुराने मुक्तिधाम इलाके में सड़क सीमेंटीकरण का कार्य चल रहा है। यहां पर ठेकेदार के कार्य को लेकर असंतोष जाहिर करती हुई कुछ महिलाएं मिलीं। उनसे बातचीत में पता चला कि ठेकेदार सड़क की गंदगी, धूल और घरों के किनारे बजरी के ढेर को हटाए बिना ही सीमेंट की परत चढ़ाकर लीपापोती का प्रयास कर रहा है। ललिता कौशल, सुमित्रा सोनी, प्राची सोनी, गायत्री यादव, मधु शर्मा, इंदु सोनी ने बताया कि सीमेंटीकरण में जमकर गोलमाल किया जा रहा है। शहर सरकार और विधायक के काम व समस्याओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि आवारा मवेशियों से वे सबसे ज्यादा परेशान हैं।