
CG Education: हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से संबद्ध 161 निजी व शासकीय कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए शेड्यूल में बड़ा बदलाव हुआ है। अब विद्यार्थियों को कॉलेज प्रवेश के लिए 15 दिन कम मिलेंगे। पहले तक जहां कुलपति की विशेष अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिए जा सकते हैं, वहीं नए नियम से अब छात्रों को सिर्फ 31 जुलाई तक दाखिले का आखिरी मौका मिलेगा।
सामान्य तिथियों से प्रवेश की पहले तिथि 31 जुलाई तय थी, लेकिन बदले हुए नियम से छात्रों को 25 जुलाई के बीच दाखिला पक्का करना होगा। कुलपति की अनुमति से प्रवेश के लिए छात्रों के पास 14 के बजाए सिर्फ 6 दिन होंगे। कुलपति 31 जुलाई तक अपनी सहमति से एडमिशन पोर्टल को दोबारा शुरू करा सकेंगी।
दरअसल, इस वर्ष से यूजी संकाय की पढ़ाई नई शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर सिस्टम से होनी है। ऐसे में एकेडमिक कैलेंडर के हिसाब से सेशन की पढ़ाई विद्यार्थियों को नहीं मिलती। नए एकेडमिक कैलेंडर में नवंबर-दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं हैं, जबकि पुराने नियम से अगस्त का पूरा महीना एडमिशन में गुजर रहा था, जिसके बाद शासन ने कॉलेज प्रवेश के लिए दिनों को कम करने का निर्णय लिया।
पहले तक ऑनलाइन आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद कॉलेजों को 2 जुलाई के दिन प्रवेश की पहले मेरिट सूची का प्रकाशन करने को कहा गया था, लेकिन नए नियम से अब प्रथम मेरिट सूची का प्रकाशन 29 जून के पहले करना होगा। इस सूची के अंतर्गत जिन विद्यार्थियों को नाम मेरिट में आएगा, उनको 6 जुलाई तक दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
इसके बाद दूसरी मेरिट सूची 7 से 9 जुलाई के बीच निकाली जाएगी। पूर्व आदेश के हिसाब से दूसरी मेरिट सूची का प्रकाशन 22 जुलाई को होना था। इससे छात्रों को 14 जुलाई के पहले एडमिशन लेने होंगे।
पूर्व में जारी किए प्रवेश नियम के हिसाब से ही कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया जारी थी तभी गुरुवार को अचानक से नियम में संशोधन की सूचना से हड़कप मच गया। दरअसल, पहले कॉलेज प्रथम मेरिट सूची को लेकर निश्चिंत थे, क्योंकि पहली सूची 2 जुलाई को निकलनी थी। नियम में संशोधन के बाद अब कॉलेज के पास मेरिट का प्रकाशन करने सिर्फ दो दिन बचेंगे।
इसके अलावा ऐसे बहुत से विद्यार्थी भी हैं जो अभी तक कॉलेज दाखिले का ऑनलाइन आवेदन जमा नहीं कर पाए हैं, उनको मेरिट सूची में जगह बनाने काफी मशक्कत करनी होगी। प्रथम मेरिट सूची के लिए आनन-फानन में आवेदन करना होगा।
Updated on:
28 Jun 2024, 12:36 PM IST
Published on:
28 Jun 2024, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.