
भिलाई .कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐसा जादूगर बताया, जो अपनी बाजीगरी से देश को गुमराह कर रहे हैं। जब तक कोई उनकी एक ट्रिक को समझता है तब तक वे दूसरी ट्रिक दिखा देते हैं। फिलहाल राजनीति में उनका कोई तोड़ नहीं है। समय के साथ मोदी एक्सपोज हो रहे हैं, यही समय उनका मायाजाल तोड़ेगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इतने अच्छे प्रधानमंत्री साबित होंगे जिनके सामने लोग पूर्व प्रधानमंत्रियों को भूल जाएंगे।
रावत एनएसयूआई के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन पर शनिवार को भिलाई पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मोदी पर निशाना साधा। उनका कहना था कि मोदी गलत बात भी आत्मविश्वास से पेश करने वाले कलाकार बन गए हैं।
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में नहीं चलेगी मोदी लहर
रावत ने मोदी के लिए कहा कि बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के चुनाव में मोदी लहर नहीं चलेगी। राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस ने गुजरात में मोदी लहर को चुनौती दी थी, वैसा ही अब इन राज्यों के चुनाव में दी जाएगी।
कांग्रेस को घर बैठे नहीं मिल जाएगी सत्ता
रावत ने मोदी पर तो तीर छोड़े ही, कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर की खामियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता घर बैठे नहीं मिलेगी। सत्ता चाहिए तो पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। नए एजेंडा और तीखे रुख के साथ खुद को साबित करना होगा। बिना अपनी क्षमता दिखाए कांग्रेस को राष्ट्रपति भवन से शपथ ग्रहण करने का निमंत्रण नहीं मिलेगा। उन्होंने माना कि कांग्रेस के पास अच्छे प्रवक्ता नही हैं, इसलिए बहस में कांग्रेस पीछे रह जाती है। इसके लिए कांगे्रस को ऐसे प्रवक्ता तैयार करने होंगे जो किसी भी मुद्दे पर तर्क के साथ तीखी बहस कर सकें।
छत्तीसगढ़ में जोगी कांग्रेस के लिए चुनौती नहीं
जोगी से विस चुनाव में कांग्रेस के नुकसान को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि जोगी कांग्रेस की स्थापना भाजपा का सहयोग करने के लिए हुई है। जोगी से कांग्रेस को कोई चुनौती नही हैं। चुनाव में कांग्रेस व भाजपा के बीच ही सीधा मुकाबला होगा।
Published on:
10 Mar 2018 09:00 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
