
अनोखा दीक्षांत समारोह, पहली बार पेन ड्राइव में मिलेगी उपाधि, कॉर्पोरेट ड्रेसकोड में नजर आएंगे IIT भिलाई के होनहार
भिलाई. आईआईटी भिलाई (IIT Bhilai) का पहला दीक्षांत समारोह 29 अक्टूबर को होगा। इस दीक्षांत में 280 विद्यार्थियों को डिग्रियां मिलेंगी। समारोह नया रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी ऑडिटोरियम में होगा। भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रीयल रिसर्च के सेक्रेटरी व काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रीयल रिसर्च के डायरेक्टर जनरल डॉ. शेखर सी मंडे मुख्य अतिथि होंगे। आईआईटी बोर्ड ऑफ गवर्नेंस के चेयरमैन कृष्णमूर्ति वेंकट रमनन द्वारा भी आईआईटी के होनहारों को मेडल दिए जाएंगे। आईआईटी कि काबिल फैकल्टी और मैनेजमेंट समारोह की तैयारी में जुटा है।
डिजिटल फॉर्मेट में मिलेगी उपाधि
आईआईटी ने दीक्षांत समारोह के जरिए डिजिटल इंडिया मुहिम को प्रमोट करते हुए शानदार पहल करने का निर्णय लिया है। दीक्षांत में शामिल विद्यार्थियों को उनकी उपाधि पेन ड्राइव में दी जाएगी। यानी सर्टिफिकेट डिजिटल फार्मेट में होगा। समारोह में एक हार्डकॉपी भी दी जाएगी, लेकिन ओरिजनल सर्टिफिकेट डिजिटल फार्मेट में ही होगा। उनके सर्टिफिकेट डिजी लॉकर में भी सुरक्षित होंगे।
इस तरह होगा ड्रेसकोड
आईआईटी दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेसकोड तय कर लिया गया है। विद्यार्थी कॉर्पोरेट लुक में नजर आएंगे। लड़के और लड़कियों दोनों को खास दीक्षांत के लिए तैयार जैकेट दी जाएगी। एक तरह की नेहरू जैकेट के जैसे दिखेगी। इसके साथ लड़के ऑफ वाइट कलर की शर्ट और डार्क रंग की ट्राऊजर पहनेंगे। लड़कियां ऑफ वाइट कलर की प्लेन सलवार-कुर्ती या स्लीव शर्ट और ट्राऊजर पहनेंगी। दोनों को ही फॉर्मल शूज पहनने होंगे। दीक्षांत में फॉर्मल ट्रेंड नजर आएगा। इस समारोह में विद्यार्थियों के चुनिंदा परिजनों को बुलाए जाने को लेकर भी तैयारी है।
यूट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण
आईआईटी के पहले दीक्षांत समारोह को आप भी यूट्यूब के माध्यम से लाइव देख पाएंगे। समारोह का प्रसारण यूट्यूब के साथ आईआईटी की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा। प्रदेश के आम शहरी भी इस दीक्षांत समारोह के साक्षी बनेंगे, वहीं विद्यार्थियों के जो परिजन इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनको भी अपने होनहार को उपाधि लेते हुए देखने का गौरव मिलेगा। लाइव स्ट्रीमिंग के लिए आईआईटी वेबसाइट के स्ट्रीमिंग बटन पर क्लिक करना होगा।
पत्रिका सबसे पहले
आईआईटी भिलाई के प्रथम दीक्षांत समारोह को लेकर पत्रिका ने सबसे पहले 23 सितंबर को खबर प्रकाशित की थी। इसमें दीक्षांत की तैयारियों को लेकर जानकारी दी गई थी। यह भी बताया गया था कि 89 विद्यार्थियों को बड़ी कंपनियों ने हायर पैकेज पर प्लेसमेंट भी ऑफर किया है।
Published on:
10 Oct 2021 04:11 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
