जेनरिक दवाइयों पर होगा शोध
फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी मंगलवार को छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. शेखर वर्मा ने दी। वे रूंगटा आर-1 फार्मेसी कॉलेज में मनाए गए फार्मेसी वीक के समापन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि काउंसिल अब सिर्फ फार्मेसी के लाइसेंस और पंजीयन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में फार्मेसी प्रोफेशन को मजबूत करने कार्ययोजना बनाई गई है। इसकी शुरुआत 10 दिसंबर से कवर्धा जिले के साथ होगी। काउंसिल हर जिले में राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस कराएगा। जिसमें फार्मासिस्ट मार्केटिंग, मेडिसिन मैन्युफैक्चरिंग डेलीगेशन और डॉक्टर्स के साथ अन्य प्रोफेशनल्स शामिल रहेंगे। इसका मकसद फार्मेसी फील्ड को बेहतर करने के साथ-साथ प्रदेश के हेल्थ सेटअप को मजबूती देना होगा। इसमें सस्ती जेनरिक दवाइयों से लेकर फार्मेसी एक्ट, न्यू फार्मेसी बिल, पंजीयन सभी तरह के मुद्दों पर चर्चा होगी।