
भिलाई. प्रतियोगिताओं में लंबी उड़ान भर कर पदक जीतने वाले 125 कबूतरों की चोरी के मामले में पुलिस ने नागपुर और रायपुर से पांच लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा। पद्नाभपुर चौकी पुलिस ने गुुरुवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की एक टीम कबूतर चोरों की तलाश में रायपुर और नागपुर रवाना हुई थी। मुखबिरों से सूचना मिली थी कि कबूतर चोरों को रायपुर और नागपुर की ओर जाते देखा गया है।
चोरी हुए सभी कबूतर छत्तीसगढ़ में कबूतर प्रतियोगिता के चैम्पियन
गौरतलब है कि बुधवार को दुर्ग के पक्षी प्रेमी मालिक रथिन्द्र नाथ मायती (राजू बंगाली) के घर के छत पर बने पक्षियों के आशियाने से करीब 125 चैम्पियन कबूतर चोरी हो गए थे। चोरी हुए सभी कबूतर छत्तीसगढ़ में कबूतर प्रतियोगिता के चैम्पियन हैं। इन कबूतरों की बदौलत ही अब तक कई पदक और ईनाम की राशि हासिल की गई है। राजू बंगाली विगत 30 साल से प्रतियोगिता में लगातार विजेता रह चुके हैं। मई और जून में भी कबूतर की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है जिसमें इन कबूतरों को हिस्सा लेना था। प्रार्थी राजू को शक है कि प्रतियोगिता की वजह से ही जानबूझकर उनके कबूतरों की चोरी की गई है। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल हैदराबाद में डीआईजी अजय भारतंग ने प्रार्थी राजू को 25 से अधिक अच्छी नस्ल के कबूतर भेंट किए हैं। इसलिए उन्होंने कबूतरों के पैरों पर डीआईजी लिखा हुआ टैग भी लगा रखा है। उन कबूतरों में से भी 10 से अधिक टैग लगे कबूतर चोरी
हुए हैं।