
patrika bhilai
भिलाई. बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और लगातार घटते पेड़ों की संख्या को देख लोग अब पर्यावरण को बचाने आगे आ रहे हैं। ऐसा ही एक प्रयास दुर्ग के टाटिया परिवार ने किया। जिन्होंने बेटी की शादी पर बारातियों को महंगे गिफ्ट की बजाए पौधे देकर उसे लगाने और उसकी देखभाल करने का वादा लिया। पिछले दिनों अपनी बेटी की शादी में सैकड़ों पौधे बांटे और समाज में भी अनोखी मिसाल पेश की। इतना ही नहीं मेजबान टाटिया परिवार ने विवाह समारोह के दौरान हर मेहमान से हाथ जोड़कर यह गुजारिश की, कि वे सभी पौधरोपण अवश्य करें। दुर्ग निवासी मंजू- गौतमचंद टाटिया की बेटी का विवाह पुणे के अलकादेवी एवं नवीनचंद मुथा के पुत्र डॉ. मोहित के संग 8 जुलाई को हुआ।
हर पौधे को दें जीवन
विवाह स्थल पुलगांव-दुर्ग स्थित द रोमन पार्क में पुणे के मुथा परिवार की बारात रविवार सुबह पहुंची। बारातियों का स्वागत घरातियों ने परम्परागत ढंग से किया। साथ ही उनके लौटते वक्त हर मेहमान व बाराती को एक-एक पौधा भेंट कर, नई प्रेरक परम्परा भी विवाह की रस्मों में जोड़ दी। समारोह में शामिल महेन्द्र कोचर ने बताया कि विवाहोत्सव में वर-वधु को आर्शीवाद देने आए गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को अभिनंदन टाटिया परिवार ने एक पौधा भेंट कर किया। अंकित टाटिया, नमन लोढ़ा समेत बुजुर्गों और परिवार के युवा सदस्यों ने हर मेहमान को भोज के बाद फलदार व छायादार वृक्षों का एक-एक पौधा भेंट किया और साथ ही यह संदेश दिया कि अपने परिजनों, कुटुंब की खुशहाली बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ी को हराभरा वातावरण देने इन पौधों को जरूर जीवन दें।
Published on:
13 Jul 2019 08:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
