बालोद@Patrika. जिले में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नाम वापसी के बाद अब प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। जिले में तीन चरणों मे होने वाले जिला पंचायत, जनपद पंचायत और सरपंच व पंच चुनाव के लिए अब प्रचार प्रसार भी शुरू हो गया है। बालोद जिले के 335 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए होने वाले चुनाव में 12 ग्राम पंचायतों में सरपंच का चुनाव नहीं होगा। यहां पर ग्रामीणों ने निर्विरोध सरपंच चुन लिया है। बालोद इस मामले में संभवत: प्रदेश का पहला जिला होगा जहां एक दर्जन ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने गए है। इसी तरह जिले के 335 ग्राम पंचायतों के 6841 वार्डो में से 2864 वार्ड में पंच निर्विरोध चुन लिए गए हंै। जिले में जिला पंचायत के 14, जनपद पंचायत के 101, सरपंच के 335 और पंच के 6291 पद है। कुल 6841 पदों में से 3950 पद पर 10,151 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।