2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Startup Success Story: भिलाई के तीन दोस्तों ने चावल से लिखी करोड़ों के स्टार्टअप की कहानी, 9 लाख से 3.5 करोड़ तक का सफर02:59 PM

Friendship Day Success Story:भिलाई के तीन दोस्तों की प्रेरक कहानी, जिन्होंने चावल से बने वैल्यू एडेड उत्पादों का स्टार्टअप शुरू कर 9 लाख रुपये से 3.5 करोड़ रुपये तक का कारोबार खड़ा किया।
2 min read
Google source verification

भिलाई

image

Love Sonkar

Aug 02, 2026

Startup Success Story

भिलाई के तीन दोस्तों ने चावल से लिखी करोड़ों के स्टार्टअप की कहानी (Photo Patrika)

Friendship Day 2026: @ ताबीर हुसैन। फ्रेंडशिप डे पर दोस्ती की मिसाल सिर्फ साथ निभाने तक सीमित नहीं है। भिलाई के तीन दोस्तों ने अपनी दोस्ती, भरोसे और स्पष्ट जिम्मेदारियों के दम पर ऐसा स्टार्टअप खड़ा किया, जिसकी पहचान आज देश के साथ विदेशों तक बन चुकी है। जीवी हिमांशु ने बचपन के दोस्त उत्कर्ष और उत्कर्ष की बहन श्रेया ने वर्ष 2022 में प्रीमियम ग्रॉसरी का स्टार्टअप शुरू किया। आज उनकी कंपनी चावल से बने राइस नूडल्स, राइस वर्मिसेली और राइस पेपर शीट जैसे उत्पाद तैयार कर रही है, जो ऑस्ट्रेलिया, नेपाल और दुबई तक पहुंच रहे हैं। आज यह स्टार्टअप 40 से 50 लोगों को रोजगार दे रहा है, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत महिलाएं हैं। अधिकांश कर्मचारी फैक्ट्री के आसपास के गांवों से जुड़े हैं।

दो साल तक ट्रेडिंग की

हिमांशु बताते हैं कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है, इसलिए उन्होंने सोचा कि केवल चावल बेचने के बजाय उससे वैल्यू एडेड उत्पाद तैयार किए जाएं। विदेशों, खासकर वियतनाम और थाईलैंड में राइस आधारित उत्पादों का अध्ययन किया। शुरुआत में उन्होंने उत्पाद आयात कर अपने ब्रांड नाम से बेचना शुरू किया। करीब दो साल तक ट्रेडिंग करने के बाद अपना प्रोडक्शन प्लांट स्थापित किया।

आपस में बंटी है जिम्मेदारी

हिमांशु और उत्कर्ष बचपन से स्कूल के दोस्त हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद दोनों ने अलग-अलग शहरों में उच्च शिक्षा ली, लेकिन साथ मिलकर कुछ नया करने का सपना नहीं छोड़ा। बाद में श्रेया भी टीम से जुड़ गईं। कंपनी में जिम्मेदारियां भी तय हैं। उत्कर्ष उत्पादन संभालते हैं, हिमांशु बिक्री, वित्त और लॉजिस्टिक्स देखते हैं, जबकि श्रेया ऑनलाइन मार्केटिंग की जिम्मेदारी निभाती हैं। किसी भी फैसले से पहले तीनों चर्चा करते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय संबंधित विभाग का प्रमुख ही लेता है। यही व्यवस्था उनकी दोस्ती और स्टार्टअप दोनों की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है।

ऐसे लगे टर्नओवर को पंख

स्टार्टअप की शुरुआत 2022 में हुई। पहले वर्ष चार महीने के संचालन में 9 लाख रुपये का टर्नओवर हुआ। इसके बाद यह 60 लाख, फिर डेढ़ करोड़ और अब करीब 3.5 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। कंपनी के उत्पाद अमेजन, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट, जेप्टो और इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। साथ ही मेट्रो शहरों और निर्यात बाजार पर भी फोकस बढ़ाया जा रहा है।