
भिलाई. अपने बेटे को वह सफलता की ऊंचाईयों पर देखना चाहती थी..तभी तो वह बेटे के साथ सुपेला थाना पहुंची ताकि बेटे का वेरिफिकेशन हो जाए जिससे पॉसपोर्ट बनने में आसानी हो.. तो दूसरी मां ने आंखों में अपने लाल के लिए कुछ और ही सपने सजाए थे। पर शायद भगवान को कुछ और ही मंजूर था। गुरुवार का दिन दो परिवार के लिए काल बन कर आया। ट्रक की ठोकर से शीला के सपने आंखों में ही कैद रह गए तो दूसरी मां की आंखों का नूर अजमत हमेशा के लिए उसे दूर हो गया। यहां बेटे को समझ नहीं आया कि आखिर कुछ मिनट पहले बाइक पर साथ बैठी मां अचानक कैसे इतनी दूर चली गई जहां से कोई लौटकर नहीं आता। इधर अजमत की मां कुछ घंटे पहले ही अपने दुलारे के लिए दुआ मांगकर लौटी थी, पर शायद खुदा को कुछ और ही मंजूर था। उसकी दुआ कुबूल होती उससे पहले ही खुदा ने उसे अपने पास बुला लिया। इन दोनों परिवारों की खुशियां ऐसी बिखर गई कि एक बेटे के सिर से मां का साया उठ गया तो दूसरी मां की गोद ही सूनी हो गई।
एक महिला और एक बच्चे को ट्रक ने कुचला
फोरलेन पर घड़ी चौक सुपेला में गुरुवार को ६ घंटे के अंतराल में दो सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। एक सड़क हादसे में जहां बेटे के सिर से मां का साय उठ गया, वहीं दूसरे हादसे में मां की गोदी सुनी हो गई। इन हादसों से सुपेला चौक पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। पहली घटना दोपहर १२.४५ बजे की और दूसरी शाम ६ बजे की है। दोपहर की घटना में ५५ साल की एक महिला की जान चली गई। शाम को घड़ी चौक १३ साल के एक मासूम की खून से लाल हो गया। दोनों घटनाएं इतनी भयानक थी कि को देखने वालों के रोंगटे खड़े गए।
पहली घटना-समय - दोपहर 12.45 बजे
सुपेला थाना से पासपोर्ट के लिए बेटे का चरित्र प्रमाण पत्र का आवेदन देकर रिसाली निवासी बीएसपी कर्मी ललीत वर्मा बाइक से लौट रहे थे। बाइक में उनकी पत्नी शीला वर्मा (५५) और २२ साल का बेटा राकेश वर्मा बैठे थे। बेटा बीच में और पत्नी पीछे बैठी थी। बाइक को ललित वर्मा खुद चला रहे थे। उसने हेलमेट पहन रखी थी। सुपेला चौक पर तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को पीछे से ठोकर मार दिया। बाइक में पीछे बैठी शीला वर्मा उछल कर गिरी और ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। ट्रक उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया। शीला वर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों पिता पुत्र दूर जा गिरे। दोनों को भी मामूली चोट आई।
घटना के बाद बदहवास पति ने पत्नी को उठाने की कोशिश करता रहा
घटना के बाद ललित अपनी पत्नी की हालत देखकर बदहवास हो गया। वह फफक कर रोने लगा। पत्नी के हाथ में बैग लटका हुआ था। ललित उसके करीब जाकर लहुलुहान पत्नी को उठाने की कोशिश करने लगा। वह दम तोड़ चुकी थी। आसपास के लोग व पुलिस मदद करने पहुंचे। जब पुलिस उसे हटाने लगी तब बेटा राकेश वर्मा यह बोलते हुए विलाप करने लगा कि मां को कहीं मत ले जाओ। मैं अस्पताल ले जाऊंगा। लोगों ने उसे मुश्किल से संभाला। पुलिस ने शव को मॉच्यूरी भिजवाया। ललित और राकेश लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले गई।
ट्रक चालक गिरफ्तार
सुपेला थाना पुलिस ने उरला निवासी ट्रक चालक चंदन लाल मंडावी को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ धारा ३०४ ए के तहत जुर्म दर्ज किया है।
दूसरी घटना शाम 6.20 बजे की दरगाह से जियारत कर लौट रहे थे दोनों भाई
फरीद नगर निवासी मुहम्मद हुसैन (२४) अपने छोटे भाई अजमत अली (१३) के साथ चंद्रा-मौर्या के पास सैलानी दरगाह में जियारत करने गए थे। वहां से स्कूटी पर सवार होकर लौट रहे थे। सुपेला चौक पार करने लगे। तभी पॉवर हाउस की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक ने उनको चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार ट्रक अजमत को रौंदता हुआ निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुहम्मद हुसैन गंभीर रुप से घायल हो गया। उसका एक हाथ कट गया और घुटने में चोट आई है। अजमत के शव को पुलिस ने जिला अस्पताल की मॉच्र्यूरी में भेज दिया। घायल हुसैन को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में मलहम पट्टी के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
Published on:
11 Jan 2018 11:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
