भिलाई@Patrika. छत्तीसगढ़ व्यापमं (Vyapam) को पीईटी सहित तमाम प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन करने की तिथि को तीसरी बार बढ़ाना पड़ा है। अब उम्मीदवार 15 मई तक इनके लिए आवेदन कर पाएंगे। (PET Exam) बता दें कि इससे पहले व्यापमं ने तारीख बढ़ाकर 3 मई की थी, मगर केंद्र सरकार की ओर से बढ़ाए गए लॉकडाउन की वजह से यह निर्णय लिया गया कि छात्रों को आवेदन करने और मौके दिए जाने चाहिए। दरअसल, व्यापमं को आवेदन तिथि में इसलिए भी संसोधन करना पड़ा है, क्योंकि राज्य में च्वाइस सेंटर व इंटरनेट कैफे बंद हैं। इन्हें खोलने की मंजूरी फिलहाल नहीं दी गई। इस तरह जिन विद्यार्थियों के पास खुद की इंटरनेट सेवा व पेमेेंट का ऑनलाइन जरिया मौजूद था, उन्होंने तो आवेदन किया, लेकिन बाकियों के सामने समस्या खड़ी हो गई। (Corona virus)