
राजनांदगांव. मासिक टेस्ट का परिणाम तय समय पर प्रस्तुत नहीं करने के कारण जिले के 55 प्रभारी प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मासिक टेस्ट के परिणाम को अपने अधीनस्थ के स्कूलों से जमा नहीं करने के कारण राजनांदगांव विकासखंड के बीईओ (ब्लाक शिक्षा अधिकारी) एफआर वर्मा को लेकर भी कलक्टर ने नाराजगी जाहिर की है।
कलक्टर ने नाराजगी जाहिर की थी
सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और लेटलतीफी बरतने की गाज राजनांदगांव विकासखंड के बीईओ (ब्लाक शिक्षा अधिकारी) एफआर वर्मा पर गिर सकती है। पिछले दिनों विभागीय समीक्षा बैठक में बीईओ की कार्यप्रणाली पर कलक्टर ने नाराजगी जाहिर की थी और अब यहां उनके विकल्प की तलाश की जा रही है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्राचार्यों की बैठक
राजनांदगांव में कलक्टर ने पिछले महीने २९ नवम्बर को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्राचार्यों की बैठक ली थी। इस बैठक में बेहद कमजोर प्रदर्शन के चलते बीईओ वर्मा टारगेट में आ गए थे। पता चला है कि समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में बीईओ वर्मा की लापरवाही सामने आई थी। इसके अलावा महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी वे सक्रिय रहकर काम नहीं कर पाए। ऐसे में उनको लेकर प्रशासनिक स्तर पर नाराजगी रही।
मासिक टेस्ट परिणाम भी जमा नहीं किया
शिक्षा विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मासिक टेस्ट का परिणाम २५ नवम्बर तक शिक्षा विभाग में जमा करना था लेकिन बीइओ ने ऐसा नहीं किया। यह भी बात सामने आई कि बीइओ ने अपने कार्यक्षेत्र के ४ उच्चतर माध्यमिक शालाओं के परिणाम भी नहीं लिए, जिसकी वजह से परिणामों के विश्लेषण के काम में विलंब हुआ। इन वजहों से बीइओ को यहां से हटाने की चर्चाएं विभाग में हो रही हैं।
ये नाराजगी की वजह
अक्टूबर महीने में ३१ तारीख को मुख्यमंत्री ने नवागांव में इ-क्लास का शुभारंभ किया था। इ-क्लास की योजना में बीइओ ने दिलचस्पी नहीं दिखाई और यहां उनकी लापरवाही उजागर हुई। इसके अलावा १० नवम्बर को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में युवाओं की भर्ती के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, इस कार्यक्रम में बीइओ वर्मा गैरहाजिर रहे।
इनको नोटिस
मासिक परीक्षा परिणाम समय पर जमा नहीं करने के कारण ५५ प्रभारी प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ये सभी व्याख्यता पंचायत हंै जो अपने स्कूल में प्रभारी प्राचार्य के पद पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा हरदी स्कूल की प्राचार्य शोभा मिश्रा को स्कूल में गंदगी और टायलेट को बंद कर रख दिए जाने के कारण कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
Published on:
07 Dec 2017 12:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
