भीलवाड़ा.
पंचायती राज के पहले चरण में सोमवार को बदनोर पंचायत समिति की २० पंचायतों में मतदान हुआ। सरपंच-पंच के चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा। भाजपा नेता व पूर्व उप जिला प्रमुख रामचन्द्र सेन बदनोर से सरपंच प्रत्याथी थे, जो तीसरे स्थान पर रहे। यहां गोपालसिंह रावत ने महावीरसिंह फौजी को 54 वोट से हराया। रावत को 1404, महावीर को 1350 व सेन को 1254 वोट मिले। सेन के लिए भीलवाडा विधायक विठ्ठलशंकर अवस्थी आठ दिन से बदनोर में डेरा जमाए थे। पंजाब के राज्यपाल वीपी सिह के बेटे अविजित सिंह 3 दिन से घर-घर जाकर सेन के लिए वोट मांग रहे थे। संग्रामगढ़ से खड़े भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोविन्द सिंह चुण्डावत भी चुनाव हार गए। यहां से अशोक साहू विजय रहे।
...........................
बदनोर में ८२.०८ प्रतिशत मतदान
आसीन्द. नवगठित पंचायत समिति बदनोर की 20 पंचायतों में सोमवार को मतदान हुआ। २० पंचायतों में ६६,०५६ में से ८२.०८ प्रतिशत (५४, २२२ मतदाता) मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क की पालना के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। 20 पंचायतों में सरपंच के 135 उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक चला। परिणाम देर रात घोषित कर दिए। उपसरपंच के चुनाव मंगलवार को होंगे। आसीन्द की 48 पंचायतों में से बदनोर पंचायत समिति के अलग होने के बाद 20 पंचायतों में पहली बार चुनाव हुए।