गेंदलिया. भाकलिया, रेन व गेन्दलिया गांव के पास बनास नदी में जेसीबी मशीनों से बजरी दोहन जारी है। माफिया रात्रि में बजरी का अवैध स्टॉक कर ट्रेलर व डम्परों में भरकर जिले से भी बाहर भिजवा रहे हैं। बड़लियास में पुलिस प्रशासन की सख्ती के माफियाओं का गेंदलिया के आसपास बनास नदी में जमघट रहता है। मंगरोप थाना क्षेत्र के रेन, भाकलिया व गेंदलिया में रात्रि 9 बजे बाद नदी से बजरी भरी जा रही है। खनिज विभाग व पुलिस प्रशासन की अनदेखी के चलते खुलेआम बनास नदी से बजरी दोहन किया जा रहा है। वहीं ओवरलोड बजरी से भरे ट्रेक्टर व डम्पर गांव के बीच से तेज गति से निकलते हैं। जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। हादसे की आशंका के कारण ग्रामीणों ने बच्चों को भी स्कूल भेजना बंद कर रखा है। क्योंकि स्कूल वाले रास्ते ही बजरी के ओवरलोड वाहन निकलते हैं। इस संबंध में ग्रामीणों कई बार पुलिस को सूचित किया लेकिन कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।