
232 जीएसएस की चुनाव प्रक्रिया 14 से
भीलवाड़ा. राजस्थान राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण जयपुर ने भीलवाड़ा जिले की ग्राम सेवा सहकारी समितियों (जीएसएस) के दूसरे चक्र के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस चक्र में भी पांच चरण में चुनाव होंगे। चुनाव प्रक्रिया 14 नवंबर से शुरू हो जाएगी, जो 10 दिसंबर तक चलेगी। भीलवाड़ा जिले में 232 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के चुनाव बाकी हैं। कुल 375 जीएसएस में से पहले चक्र में 143 के चुनाव हो चुके।
राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी संजय माथुर ने 3 नवंबर को आदेश जारी कर उप रजिस्ट्रार अरविंद ओझा को इकाई रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है। दूसरे चक्र में किन-किन जीएसएस के चुनाव होंगे, यह जल्द ही घोषित किया जाएगा। प्रत्येक जीएसएस में 12 सदस्यीय प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव होंगे। पहले चरण की चुनाव प्रक्रिया 14 नवंबर को, द्वितीय चरण की 15 नवंबर, तृतीय चरण की 16 नवंबर, चौथे चरण की 17 नवंबर व पांचवें चरण की प्रक्रिया 18 नवंबर को शुरू होगी। इसी दिन निर्वाचन का नोटिस एवं वार्डवार प्रस्तावित मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा।
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव 2 दिसंबर से
जीएसएस के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव पहले चरण में 2 दिसंबर, दूसरे चरण में 4 दिसंबर, तीसरे चरण में 6 दिसंबर, चौथे चरण में 8 दिसंबर व पांचवें चरण में 10 दिसंबर को होगा। प्रत्येक चरण के लिए नामांकन पत्रों की प्राप्ति सुबह 10 से 11 बजे तक, फिर प्राप्त फार्मों की सूचियों का प्रकाशन, नामांकन पत्रों की जांच सुबह 11.30 से 12.30 बजे तक, वैध फार्मों की सूचियों का प्रकाशन दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। उम्मीदवार अपने नाम दोपहर 1.30 से 2 बजे तक वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सूचियों का प्रकाशन होगा। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
Published on:
05 Nov 2022 11:17 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
