
एएसआई दस हजार की रिश्वत लेकर थाने से भागा, चित्तौड़गढ़ एसीबी बाहर खड़े होकर मलती रही हाथ
भीलवाड़ा. चित्तौड़गढ़ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की शुक्रवार दोपहर उस वक्त पैरों तले जमीन खिसक गई जब सुभाषनगर थाने का सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विजयसिंह दस हजार की रिश्वत लेते हाथ आते-आते बच निकला। रिश्वत ग्रहण करने के बाद परिवादी का एसीबी को इशारा मिलने से पहले भनक लगने से पुलिसकर्मी थाने के पीछे फाटक कूदकर भाग गया। दस हजार की रिश्वत भी साथ ले गया। ऐसे में एसीबी थाने के बाहर खड़े होकर हाथ मलती रही। हालांकि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अधिनियम के तहत एएसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
एसीबी सूत्रों के मुताबिक सांगानेर के एक व्यक्ति ने चित्तौड़गढ़ एसीबी को शिकायत दी। परिवादी ने बताया कि जमीन विवाद के एक मामले में परिवाद सुभाषनगर थाने के अधीन सांगानेर चौकी पर तैनात एएसआई सिंह परिवाद निपटारे के लिए बाइस हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। इसके लिए परिवादी को परेशान किया जा रहा था। एसीबी ने 16 सितम्बर को शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन में शिकायत सहीं मिली। पहली किश्त के रूप में दस हजार शुक्रवार को देना तय हुआ। एसीबी निरीक्षक दयालाल चौहान की अगुवाई में टीम भीलवाड़ा पहुंची और रसायन लगे नोट देकर परिवादी को थाने भेजा। थाने में एएसआई सिंह कमरे में बैठा मिला। उसने परिवादी से रिश्वत की राशि ग्रहण कर ली।
इशारा मिलने से पहले बिगड़ा खेल
पुलिसकर्मी को रिश्वत की राशि देकर परिवादी थाने से बाहर आया। माना जा रहा है कि इस दौरान परिवादी के हाव-भाव से एएसआई सिंह को शक हो गया। परिवादी के पीछे-पीछे आया और थाने परिसर से ही दूर से खड़े होकर उसकी हरकत देखी। थाने के बाहर आकर परिवादी ने एसीबी को इशारा किया। चित्तौड़गढ़ एसीबी टीम थाने में घुसती इससे पहले एएसआई थाने के पीछे वाली फाटक कूदकर भाग गया। रिश्वत की राशि भी साथ ले गया। टीम अंदर पहुंची तो एएसआई नदादर मिला। यह देखकर टीम के होश उड़ गए। उन्होंने थाने के सभी कमरों की छानबीन की, लेकिन पुलिसकर्मी हाथ नहीं आया।
Published on:
23 Sept 2022 06:55 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
