भीलवाड़ा. पांच लाख की आबादी के शहर में आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के मामले में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूरी तरह से आंखें मूंद रखी हैं। यहीं कारण है कि सड़कों की दशा अब तक नहीं सुधर पाई है। इसी बीच, शहर में कई व्यस्ततम मार्ग ऐसे हैं, जहां सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क के बीच से गुजर रहे नाले-नाली की जालियां उखड़ी पड़ी है। जहां आए दिन हादसे होने के बावजूद इसे ठीक नहीं किया जा रहा है। ताजा मामला शहर के नेहरू मार्ग का है, जहां मुख्य सड़क पर जाली पूरी तरह से निकली है। परिषद की ओर से नाले की सफाई के दाैरान इसे हटाने के बाद दोबारा सही नहीं करने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में भी रोष बढ़ता जा रहा हैं।