यहां सूचना केन्द्र चौराहा व रेलवे स्टेशन चौराहा स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पर नगर परिषद की ओर से चन्द्रयान 3 की लैडिंग के ऐतिहासिक क्षणों का प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखा और स्वर्णिम पल आने पर खुशी से झूमते भी नजर आए। नगर परिषद सभापति राकेश पाठक की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी भी की। शहर विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, लादू लाल तेली, आजाद शर्मा, तरुण सोमानी, राजस्थानी जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी सहित कई पार्षद सूचना केंद्र चौराहे पर एकत्र हुए। भारत की इस उपलिब्ध पर तिरंगे लहराए और मिठाइयां बांटी गई। लोगों ने एक दूसरे के गले लगकर बधाइयां दी। सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं व शहर के लोगों ने देवरिया बालाजी में सुंदरकांड पाठ किया।
विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने सूचना केन्द्र पर आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इस दौरान महानगर अध्यक्ष रामप्रकाश बहेड़ीया व महानगर प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रीतेश जेथलिया, गणेश प्रजापत, विनीत त्रिवेदी, ओमप्रकाश बुलिया, विजय ओझा, ओमप्रकाश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।