टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में बड़ी परेशानी रेलवे लाइन के दोनों तरफ की बसावट के लिए सुगम कनेक्टिविटी नहीं होना है। नगर विकास न्यास के गठन को भी पचास साल से अधिक समय हो चुका है। शहरी सरकार यानि निकाय चुनाव में हर बार जनता को लुभाने के लिए वादे किए जाते रहे, लेकिन शहर को सुगम राह नहीं मिली। वर्तमान नगर परिषद बोर्ड के गठन को भी 18 माह का समय हो चुका है, लेकिन बोर्ड की स्थिति डांवाडोल नजर आ रही है। बोर्ड को न तो नगर विकास न्यास सहयोग मिल रहा है और न ही राज्य सरकार की ओर से कोई विशेष बजट मिल रहा है। ऐसे में शहर का विकास थमा सा नजर आ रहा है।