scriptकल करें खूब खरीदारी | buy a lot tomorrow in bhilwara | Patrika News

कल करें खूब खरीदारी

locationभीलवाड़ाPublished: Oct 27, 2021 08:49:17 am

Submitted by:

Suresh Jain

पुष्य नक्षत्र में खरीदारी और निवेश का विशेष योग

कल करें खूब खरीदारी

कल करें खूब खरीदारी

भीलवाड़ा।
दीपावली के पहले पुष्य नक्षत्र में खरीदारी बहुत शुभ मानी जाती है। पुष्य नक्षत्र को खरीदारी के लिहाज से श्रेष्ठ माना जाता है। इस साल दीपावली के पहले 28 अक्टूबर को जो पुष्य नक्षत्र आ रहा है, वह कई मायनों में बहुत ही शुभ है। इसे खरीदारी और निवेश का महामुहूर्त भी कहा जाए तो गलत नहीं होगा, क्योकि इस बार जिस ग्रह दशा में ये योग बन रहा है, वह शुभ है।
28 को पूरे दिन बेहतरीन योग
पंडित अशोक व्यास के अनुसार 28 अक्टूबर को पूरे दिन-रात पुष्य नक्षत्र रहेगा। गुरुवार होने से गुरु पुष्य का योग बनेगा। पूरे दिन में अमृत सिद्धि योग, सर्वार्थ सिद्धि योग भी रहेगा। कार्तिक कृष्ण पक्ष को आने वाले इस योग में कोई भी वस्तु खरीदना शुभफल देने वाला होता है। पुष्य नक्षत्र के स्वामी शनि हैं। शनिवार को या शनि के नक्षत्र में जो भी कार्य किया जाता है, वह लंबे समय तक चलता है। निवेश भी लाभदायक होता है। बृहस्पति देवताओं के गुरु हैं और शनि गुरु का सम्मान रखता है। बृहस्पति एवं शनि के मध्य कोई शत्रुता भी नहीं है। इसलिए पुष्य नक्षत्र गुरुवार को आना शुभकारी होता है। इस वर्ष गुरु एवं शनि, शनि के स्वामित्व वाली राशि में एक साथ गोचर करेंगे। दोनों मार्गी होंगे और इन पर चंद्र की दृष्टि भी होगी। जो गजकेसरी योग का निर्माण करेंगे। चंद्र धनकारक ग्रह है और यह योग सभी प्रकार से मंगलकारी होगा। बाजारों में दुकानदारों ने भी शुरुआत कर दी है। व्यापारियों का कहना है कि बुधवार से ही बाजारों में खरीदारी की रौनक बढऩा शुरू होगी।
प्रॉपर्टी, ज्वैलरी, मशीनरी की करें खरीदारी
पुष्य नक्षत्र पर वैसी चीजें खरीदी जाती हैं, जिनका लाभ हम लंबे समय तक लेना चाहते हैं। गुरु ग्रह पीली वस्तुओं और धातुओं का कारक ग्रह है। इस कारण गुरु पुष्य में सोने की खरीदारी बहुत शुभ मानी जाती है। पुष्य नक्षत्र का स्वामी शनि है, शनि लोहे का कारक ग्रह है। इस कारण कार और दोपहिया वाहनों की खरीदारी भी शुभ होती है। इसके साथ ही प्रॉपर्टी में निवेश जैसे प्लॉट, मकान, फ्लैट या दुकान आदि भी खरीदी या बुक की जा सकती है। कपड़े, अन्य धातुओं की ज्वेलरी, नए बर्तन, श्रंृगार सामग्री, मशीनरी, स्टेशनरी जैसी चीजें भी खरीदी जा सकती हैं।
रवि योग में होगी सर्वार्थ सिद्धि
गुरुवार को गुरु पुष्य के साथ सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग भी बन रहे हैं। सर्वार्थ सिद्धि योग पूरे दिन रहेगा। सर्वार्थ सिद्धि योग मतलब वो मुहूर्त जिसमें किए गए सारे काम सिद्ध होते हैं। वहीं, अमृत सिद्धि योग सुबह 9.42 से शुरू होकर 29 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे तक रहेगा। अमृत सिद्धि मतलब जो भी हम करेंगे, उसे लंबी आयु देने वाला योग। इसके साथ ही एक शुभ योग कुछ समय के लिए रहेगा, इसका नाम है रवि योग। रवि योग सुबह 6.30 से 9.42 तक रहेगा।
बाजार में हो रही खरीदारी
बाजार पूरी तरह से तैयार है। इसके चलते महिलाएं अपने घर को सजाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। वही दीपक व सजावटी सामान खरीदने के लिए बाजार आने लगी है। आजाद चौक में घर सजाने के सभी सामान मिलने से यहां महिलाओं की अच्छी भीड़ उमड़ रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो