
गहलोत को रावण कहने पर कांग्रेस हुई नाराज
राजस्थान में चित्तौडग़ढ़ में भाजपा की ओर से गुरूवार को किए गए जन आक्रोश महा घेराव में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को राजनीति का रावण कहने के बयान को लेकर कांग्रेस खासी नाराज है। राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत समूचे बयान को लेकर अब शेखावत पर मानहानि का दावा करेंगे।
राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि मुख्यमंत्री गहलोत की गांधीवादी छवि हैं और वे भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने वाले मुख्यमंत्री है। शेखावत ने गहलोत को राजनीति का रावण बताया है, जो प्रदेश की जनता को आहत करने वाला है। शेखावत का यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। जबकि संजीवनी क्रेडिट सोसायटी में प्रदेश के हजारों गरीब परिवारों का पैसा अटका हुआ है। लोगों को शेखावत यह पैसा दिलवाने की पहल क्यों नहीं कर रहे है।
जाड़ावत ने कहा कि शेखावत की ओर से मुख्यमंत्री के लिए दिए गए बयान को लेकर वह न्यायालय में शेखावत के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे।
जाड़ावत ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री सिंह ने यह भी बयान दिया कि घोषणा के बाद भी राज्य सरकार ने ऋण माफ नहीं किए, लेकिन शेखावत को यह भी जान लेना चाहिए कि अन्य किसानों के साथ उन्हीं की पार्टी के पूर्व प्रधान रहे प्रवीणसिंह राठौड़ के पूरे परिवार का भी लाखों रुपए का कर्जा माफ हुआ है।
जाड़ावत ने कहा कि जालमपुरा समिति से स्वयं प्रवीण सिंह राठौड़ का 1 लाख 51 हजार 728 रुपए का कर्जा माफ हुआ है। जबकि राठौड़ के पिता हेमसिंह का 1 लाख 51 हजार 350 रुपए व माता कैलाश कंवर का 1 लाख 21 हजार 939 रुपए का कर्जा माफ हुआ है। सिर्फ यही नहीं बल्कि राठौड़ के चाचा दीप सिंह का भी 1 लाख 60 हजार 657 रुपए का कर्जा माफ हुआ है। इसके साथ ही जिले में सहकारी बैंक से 61 हजार 577 किसानों का 296 करोड़ रुपए का कर्ज माफ हुआ है। इसमें चित्तौडग़ढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 हजार 383 किसान भी शामिल हैं, जिनका 59.29 करोड़ रुपए का ऋण माफ हुआ है। जबकि भूमि विकास बैंक से जिले के 790 किसानों का 9 करोड़ 49 लाख 5 हजार 873 रुपए का कर्ज माफ हुआ है। पूरे प्रदेश में 16 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया गया है। जाड़ावत ने कहा कि भाजपा नेता झूंठ बोलो और जोर से बोलो का रास्ता अपनाकर आमजन को भ्रमित कर रहे हैं ।
जाड़ावत ने कहा कि पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री ने महंगाई राहत शिविर शुरू किए हैं, जिनमें लाखों लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसमें चित्तौडग़ढ़ जिला प्रदेश में पहले नंबर पर है। जिले में 4.81 लाख परिवार हैं, जिनमें से अब तक 55 हजार 617 परिवारों को लाभ मिल चुका है। चित्तौडग़ढ़ विधानसभा क्षेत्र में 12 हजार 962 परिवार अब तक लाभान्वित हो चुके हैं। जाड़ावत ने कहा कि इसीलिए भाजपा के नेता बुरी तरफ बौखला गए हैं।
Published on:
28 Apr 2023 09:49 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
