12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डीजल-पेट्रोल के बढ़े भावों के खिलाफ भीलवाड़ा रहा बंद

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Google source verification
Congress's closure against inflation in bhilwara

Congress's closure against inflation in bhilwara

भीलवाड़ा।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को भीलवाड़ा जिले में बंद का असर नजर आया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा के नेतृत्व में भीलवाड़ा शहर बंद रहा। पेट्रोल पंप भी बंद रखे गए। शाम चार बजे बाद मार्केट खुले। बंद के दौरान जिला कांग्रेस की ओर से अजमेर चौराहे स्थित पेट्रोल पंप के बाहर धरना दिया गया।

इसके बाद सभी कार्यकर्ता सूचना केंद्र चौराहे पर पहुंचे और वहां भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया। बंद को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों के लिए टीमें बनाई गई। इसमें जिला महासचिव महेश सोनी की अगुवाई में टोलियां शहर में घूमती रही। शहर मेंं बाजार नंबर दो, आजाद चौक, महाराणा प्रताप मार्केट, सुभाष मार्केट, बालाजी मार्केट आदि जगह बंद रहे। खास बात है कि इस बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में निजी बसें भी बंद रही। इससे यात्री परेशान रहे। जिले के अधिकांश हिस्सों में भी बंद रहा। बंद के दौरान शहर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त थे।

बंद को लेकर पुलिस ने फटकारी लाठियां

गंगापुर. देशव्यापी बंद का कस्बे में मिला जुला असर रहा। व्यापारियों द्वारा दोपहर बाद दुकानें खुल गई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय हिरण की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कस्बे की खुली दुकानों को बंद कराया व विद्यालय में छुट्टी करा दी। इसी दौरान विद्युत निगम के पास स्थित सांवरिया ट्रावेल्स के कार्यालय पर बैठा कैलाश वैष्णव बंद करने के लिए आनाकानी करने लगा तो कार्यकर्ता उससे उलझ पड़े। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरूण माच्या,पुलिस उपाधीक्षक ताराराम,थाना प्रभारी रामवीर जाखड़ मय जाप्ते पहुंचे व कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हवा में लाठियां लहराई। यह देख कार्यकर्ता मौके से भाग गए व पेट्रोल पम्प पर दिए जा रहे धरने पर बैठ गए।


कैलाश वैष्णव ने थाने में युवक नगर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र सैनी,नगर अध्यक्ष संजय हिरण,प्रहलाद सुथार,अरविन्द चौधरी व धनराज माली के विरूद्व 45 हजार छीनने का मामला दर्ज कराया। जिस पर पुलिस ने जितेन्द्र सैनी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता थाने पहुंचे। जिसमें पूर्व विधायक कैलाश त्रिवेदी,चेतन डीडवानिया,शंकरलाल जाट,श्याम पुरोहित,मुकेश चंदेल,राजमल शर्मा व शमशुदीन शामिल थे। डाक बंगले में प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक कैलाश त्रिवेदी ने बताया कि दोनों ही कार्यकर्ता हमारी पार्टी के ही है। कैलाश वैष्णव ने पुन:थाने में लिखित समझौता पेश कर दिया। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने सत्ताधारी नेताओं के दबाव में समझौते को मानने से इंकार कर रही है और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर द्वेषता पूर्ण कार्रवाई कर रही है।

माकपा ने बंद में किया सहयोग

माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने बंद में सहयोग किया। प्रवक्ता मोहम्मद हुसैन कुरैशी ने बताया कि टीमों ने शहर में घूमकर व्यापारियों से सहयोग मांगा। इस मौके पर कामरेड मोहम्मद हारून, श्रवण शर्मा, मोहम्मद हुसैन, रतनलाल आदि उपस्थित थे।

गांवों और कस्‍बो में भी द‍िखा बंद का असर
महंगाई व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को भारत बंद के तहत जिले मांडलगढ़, सहाड़ा, गंगापुर, करेड़ा, मांडल कस्बों में बंद का असर देखा गया। कस्बों के बाजार बंद रहे । आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है़। पूरे जिले में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है़। बंद समर्थकों से निपटने के लिए कुछ कम्पनियो सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है़। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में विधि- व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी ग्रामीण ए एसपी और शहरी क्षेत्र की जिम्मेवारी सिटी एएसपी को सौंपी गयी है। किसी प्रकार की घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई के लिए कहा गया है।