
हिमाचल की यात्रा पर गया था भीलवाड़ा का परिवार, खड़े ट्रक में कार घुसने से दम्पती समेत चार की मौत
भीलवाड़ा. भीलवाड़ा-अजमेर राजमार्ग (NH-48 ) पर बिजयनगर के निकट गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। खड़े ट्रक में कार घुसने से उसमें सवार भीलवाड़ा के अग्रवाल दम्पती, उनके बारह साल के बेटे और चालक की मौत हो गई। घटना के बाद भीलवाड़ा में अग्रवाल समाज में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार हिमाचल घूमने गया था और वापस अजमेर से भीलवाड़ा लौट रहा था। शवों को बिजयनगर अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखा है। वहां बिजयनगर पुलिस पोस्टमार्टम कराएगी। पता चलने पर परिवार के लोग और बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग बिजयनगर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार काशीपुरी निवासी अंकित अग्रवाल (39), उनकी पत्नी राखी अग्रवाल (36) व पुत्र प्रथम अग्रवाल (12) हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे। वहां से सुबह टे्न से अजमेर पहुंचे। उनको लाने के लिए भीलवाड़ा से चालक कय्यूम कार लेकर वहां पहुंचा। दम्पती और उनके बेटे को लेकर चालक भीलवाड़ा के लिए रवाना हुआ। बिजयनगर के निकट चारभुजा होटल के पास कार खड़े ट्रक में घुस गई। घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति,पत्नी व चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि जख्मी पुत्र प्रथम को बिजयनगर अस्पताल पहुंचाया। वहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद तीनों के शव कार में फंस गए। सूचना पर बिजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बड़ी मशक्कत कर बाद शव बाहर निकाला। इस दौरान हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात सुचारू कराया। उधर, हादसे का पता चलने पर अंकित का परिवार और अग्रवाल समाज के बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे। भीलवाड़ा में अग्रवाल समाज में शोक की लहर छा गई। परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अंकित बोरवेल का व्यवसाय करता था। चारों के शव दोपहर बाद भीलवाड़ा लाए जाएंगे।
Updated on:
18 Aug 2022 12:37 pm
Published on:
18 Aug 2022 12:37 pm
