
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की विशेष शाखा ने मंगलवार शाम को हुरड़ा पंचायत समिति के खेजड़ी ग्राम पंचायत सरपंच को नौ हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
भीलवाड़ा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की विशेष शाखा ने मंगलवार शाम को हुरड़ा पंचायत समिति के खेजड़ी ग्राम पंचायत सरपंच को नौ हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। मकान और बाड़े का पट्टा जारी करने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश गुप्ता को खेजड़ी ग्राम पंचायत के भीमलत निवासी महावीर गुर्जर और उसके भाई कैलाश ने शिकायत दी। परिवादी ने बताया कि महावीर के मकान और कैलाश के बाड़े का पट्टा बनवाना था। इसके लिए खेजड़ी सरपंच तुलसीराम भांबी से सम्पर्क किया। सरपंच ने मकान के पट्टे के लिए महावीर से 15 हजार रुपए और कैलाश से बाड़े के लिए 18 हजार की रिश्वत मांगी। एसीबी को शिकायत की जाती तब तक महावीर ने 11 हजार रुपए दे दिए थे। सत्यापन के दौरान महावीर से 4 हजार रुपए और ले लिए। अब कैलाश से नौ हजार रुपए पहले और शेष राशि पट्टा देने के समय देनी थी। इस पर एसीबी ने जाल बिछाया।
घर पर बुलाया
एसीबी की टीम के साथ दोनों भाई मंगलवार शाम को खेजड़ी पहुंचे। वहां सरपंच तुलसीराम से सम्पर्क साधा। उस समय सरपंच घर पर था। उसने दोनों को घर पर बुलाया। वहां रिश्वत के नौ हजार रुपए लेकर पेंट की जेब में रख लिया। इशारा मिलते ही एसीबी के निरीक्षक शिवप्रकाश टेलर के नेतृत्व में गई टीम में नेमीचंद पहाडि़या, प्रहलाद पारीक, विनोद कुमार सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। उसकी जेब से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई। उसके घर की तलाशी ली गई। जहां तलाशी के दौरान कुछ खास नहीं मिला।
क्राइम बैठक में एसपी ने दिया अपराध नियंत्रण पर जोर
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को क्राइम मिटिंग हुई। जिसमें एसपी प्रदीप मोहन शर्मा ने जिले में अपराध नियंत्रण पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच कम्यूनिकेशन बना रहे तो क्राइम कंट्रोल में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और एसएचओ से कहा कि वे आमजन से अधिक से अधिक संवाद बनाकर रखें और छोटी छोटी सूचनाओं को भी महत्व दें। उन्होंने चोरी, लूट, नकबजनी जैसी वारदातों को रोकने के लिए आदतन अपराधियों की हिस्ट्री देखने और ऐसी वारदातों में शामिल पूरे गिरोह का खुलासा करने पर जोर दिया। बैठक में दौरान आने वाले त्योहारों पर कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। एसपी शर्मा ने कहा कि ऐसे मौकों पर कानून व्यवस्था बनी रहे और आमजन को भी कोई परेशानी ना हो। इसके लिए जरुरी है कि पुलिस कर्मी फिल्ड में हो।
Published on:
07 Nov 2017 08:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
