6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bhilwara Gangrape case Update: कोटड़ी थाने पर चार दिन से चल रहा महापड़ाव खत्म, मांगों पर बनी सहमति

Bhilwara Gangrape case Update: कोटड़ी की बेटी को न्याय दिलाने के लिए रविवार को सर्वसमाज व सभी राजनैतिक दलों के नेता एक मंच पर आए और प्रशासन के साथ चार सूत्रीय मांगों पर वार्ता की।

2 min read
Google source verification
Bhilwara Gangrape case Update : कोटड़ी थाने पर चार दिन से चल रहा महापड़ाव खत्म, मांगों पर बनी सहमति

Bhilwara Gangrape case Update : कोटड़ी थाने पर चार दिन से चल रहा महापड़ाव खत्म, मांगों पर बनी सहमति

Bhilwara Gangrape case Update: कोटड़ी की बेटी को न्याय दिलाने के लिए रविवार को सर्वसमाज व सभी राजनैतिक दलों के नेता एक मंच पर आए और प्रशासन के साथ चार सूत्रीय मांगों पर वार्ता की। गुर्जर समाज के सवाईभोज मंदिर के महंत सुरेश दास व मालासेरी डूंगरी के महंत हेमराज पोसवाल की अगुवाई में हुई वार्ता में प्रशासन ने सहमति दे दी। चार दिन से कोटड़ी पुलिस थाने के सामने गुर्जर समाज व सर्व समाज के हजारों लोगों का चल रहा महापड़ाव रविवार शाम को समाप्त हो गया। समझौता वार्ता में राज्य खाद-बीज निगम के अध्यक्ष धीरज गुर्जर, विधायक विजय बैंसला, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के पदाधिकारी, जिला कलक्टर आशीष मोदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश गोयल, पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू मौजूद रहे। महापड़ाव समाप्त होने से पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

इससे पहले पडावस्थल पर दिनभर हंगामा और प्रदर्शन चला। उग्र हुए कुछ युवकों ने थाने के बाहर तोड़फोड़ की तो महिलाओं ने जबरन कोटड़ी थाने में घुसने का प्रयास किया। इससे महिला पुलिसकर्मियों से उनकी धक्का-मुक्की हो गई।

यह थी प्रदर्शनकारी गुर्जर और सर्व समाज की मांग:
- फास्ट ट्रेक कोर्ट में सुनवाई कर 15 दिन में दोषियों को दी जाए फांसी।

- दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई।

- पीडि़त परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा मिले।

- पीडि़त परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी।

इन मांगों पर बनी सहमति-

- फास्ट ट्रेक कोर्ट में मामला चलेगा, 15 दिन में चालान पेश कर देगी पुलिस, डे-टू-डे सुनवाई के लिए सेशन जज से आग्रह होगा।

- जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाएं जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

- पीडि़त परिवार को सरकार और सभी के सहयोग से लगभग 53 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देंगे.

- पीडि़त परिवार के एक सदस्य को स्थानीय निकाया में संविदा पर नौकरी दी जाएगी

- बेटियों की सुरक्षा के लिए कई नवाचार होंगे। पुलिस महिला अत्याचार में गंभीरता दिखाएगी

यह भी पढ़ें : पिता के दिल में गुस्सा, नहीं चाहिए पैसा और मकान, बेटी को न्याय मिले, आरोपी फंदे तक पहुंचे

यह था मामला- गैंगरेप, हत्या के बाद धधकती भट्टी में जला दिया था शव-

भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को बकरी चराने गई 14 वर्षीय किशोरी के साथ युवकों ने गैंगरेप करते हुए उसकी हत्या कर दी थी। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों कोयला बनाने की धधकती भट्टी में शव को जला दिया था। घटना के बाद भीलवाड़ा जिले समेत राजस्थान भर में आक्रोश फैल गया था। मृतका को न्याय दिलाने के लिए सर्व समाज ने कोटड़ी थाने के बाहर महापड़ाव डाल दिया। प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए थे। गुस्साए लोगों ने कलक्टर आशीष मोदी के चैम्बर में भी धरना देकर जमकर खरी-खोटी सुनाई थी। हजारों लोगों के प्रदर्शन से घबराए पुलिस- प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। हत्याकांड में शामिल दो बाल अपचारी, दो महिलाओं समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी अभी तक फरार चल रहे हैं। घटना के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग, राज्य बाल संरक्षण आयोग की टीमें भीलवाड़ा पहुंची थी। इसी तरह राष्ट्रीय भाजपा की ओर से सांसदों की टीम को भीलवाड़ा भेजा गया। इस टीम ने भी यहां पहुंच कर जांच की और अधिकारियों से वार्ता की। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन भी भीलवाड़ा पहुंच चुके हैं। अब उनके सुपरविजन में जांच चल रही है। ज्ञात है कि हत्याकांड में पुलिस की भारी लापरवाही सामने आई थी। इसको लेकर कोटड़ी थाना प्रभारी खींवराज गुर्जर एवं एएसआई लियाकत अली को सस्पेंड कर दिया गया था।