
धनतेरस से पहले बाजार में बरस रहा धन
भीलवाड़ा ।
दीपोत्सव से पूर्व गुरुवार को पुष्य नक्षत्र पर दिन भर बाजार में रौनक रही। लोगों ने अपनी जरूरत के आधार पर खरीदारी की। धनतेरस से पहले बाजार में अच्छी ग्राहकी होने से व्यापारियों में हर्ष की लहर है। खुशियों के महापर्व दीपावली की घर-घर में तैयारियां भी अब अन्तिम चरण में चल रही हैं। ग्राहकों के लिए बाजार और शोरूम नए-नए उत्पादों से सज कर तैयार हैं। ग्राहकों ने दीपावली खरीदारी की प्राथमिकताएं तय कर ली हैं और खरीदारी के लिए बाजार में निकल रहे हैं। ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक कम्पनियों ने आधुनिकतम उत्पाद बाजार में उतार दिए हैं।
खरीदारी का दीपावली उत्सव सुनहरा अवसर है, क्योंकि कम्पनियों ने भी ग्राहकों के लिए कई आकर्षक स्कीम और छूट देना शुरू कर दिया है। पत्रिका टीम ने दीपावली पर जिलेभर में होने वाले कारोबार के आकलन को लेकर व्यापार संगठनों, प्रमुख व्यापारियों, डीलर्स आदि से बातचीत की तो सामने आया कि हर परिवार दीपावली पर कुछ न कुछ नया खरीदने को तैयार है। इस बार बाजार में अच्छी खरीदारी की संभावनाएं हैं। मोटे तौर पर दीपावली महापर्व पर जिले में कारोबार का आंकड़ा ३०० करोड़ को पार करने का अनुमान है। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक और प्रॉपर्टी बाजार में तो पूछ-परख चल रही है। शुभ मुर्हूत पर खरीदार के लिए वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की अग्रिम बुकिंग करवा रहे हैं। इस बार जिले में ट्रैक्टर बाजार में काफी उछाल है। ज्वैलरी शोरूम नई डिजायन के गहनों से सज गए हैं। हल्के वजन के गहनों की मांग ज्यादा आ रही है। दीपावली पर सावों की खरीदारी का भी जोर है। इलेक्ट्रॉनिक, रेडिमेड गारमेट आदि में भी खरीदारी में उछाल आ गया है। प्रॉपर्टी बाजार में भी छाई सुस्ती टूट गई है।
बरसेगा धन, व्यापारियों और दुकानदारों में छाई खुशी
दीपावली के त्यौहार के लिए बाजार पूरी तरह से सजने लगे हैं। दीपावली पर बाजार में जमकर धन बरसेगा। दीपावली की ग्राहकी चलने से कई दिनों से व्यापार नहीं चलने के कारण मायूस बैठे दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं। कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, सर्राफा, नए-नए गिफ्ट आइटम, जूतों की सेल तक की दुकानें और शोरूम सजावट होने से गुलजार नजर आ रहे हैं। सेल पर किफायती दामों पर मिल रहे ब्रांडेड आइटम युवा पसंद कर रहे हैं। ज्वेलरी शोरूम पर भी महिलाओं की भीड़ नजर आने लगी है। रंग बिरंगी कैंडल्स लाइट और गिफ्ट पैक दुकानों पर दिखाई दे रहे हैं। डिजाइनर और हैंगिंग दीये, गणपति स्वस्तिक व शुभ चिह्न से बने हैं। दुकानदारों का कहना है कि इनकी काफी मांग है। त्यौहार को देखते हुए ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
Published on:
29 Oct 2021 10:13 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
