टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में महत्ती जरूरत एक और ओवरब्रिज के लिए जनता जाग रही हैं। बुधवार को शहर के प्रबुद्ध लोगों ने आजाद नगर में एडवोकेट आजाद शर्मा की अगुवाई में बैठक कर ओवरब्रिज बनाने के लिए आवाज बुलंद की। साथ ही क्षेत्रीय सांसद सुभाष बहेडिय़ा व शहर के विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी बोले कि यह वर्षों पुरानी जरूरत है, रेलवे फाटक पर अब एक और ओवरब्रिज जल्द बनना चाहिए। राजस्थान पत्रिका की मुहिम के तहत पूछे गए सवाल पर सांसद व विधायक ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए उनके सरकारी कोष से राशि दिलाने की बात भी कही। सांसद बोले, डीएमएफटी के कोष में बड़ी राशि है, जिला कलक्टर एवं समिति का प्रयास होगा तो यह ओवरब्रिज बनाया जा सकता है।